आरयू ब्यूरो,
लखनऊ। होली की शाम जहां लोग खुशियां मना रहें थे, वहीं विकासनगर के सेक्टर पांच में एक वकील ने अपनी ही पत्नी के खून से होली खेली। नशे में धुत पति ने मामूली बात पर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति भाग निकला। वहीं बेटे ने पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा विकासनगर थाने में दर्ज कराया है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही फरार पति की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी को गोली से उड़ाया, डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज
विकासनगर थाना प्रभारी ने बताया सेक्टर पांच निवासी सुरेश पाल सिंह लखनऊ कोर्ट में वकील है। सेक्टर पांच में वह अपनी पत्नी कीर्ति सिंह (52) व बेटी आयुषी के साथ रहते हैं। उनका बेटा शश्वत सिंह ऊर्फ राज नोएडा के एक कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहा है। होली की छुट्टी पर राज आजकल घर आया हुआ है। शुक्रवार की शाम राज के कपड़ों को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। जिसके बाद सुरेश ने अपने लाइसेंसी असलहे से पत्नी के पेट में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद सुरेश कार से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल कीर्ति को बेटे व बेटी ने आसपास के लोगों की सहायता से ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेश पाल वकालत के साथ ही प्रापर्टी से जुड़ा काम भी करता है।

अवैध संबंध की भी चर्चा
पुलिस जहां बेटे के कपड़ें को लेकर हुए विवाद को घटना की वजह बता रही है तो दूसरी ओर आसपास के लोगों का कहना था कि सुरेश पाल के किसी महिला से अवैध संबंध हैं। जिसको लेकर घर में पहले भी झगड़ा होता रहता था।
यह भी पढ़ें- शक में शराबी पति ने विवाहिता के सिर पर ताबड़तोड़ वारकर मार डाला
इस बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मां की मौत के बाद बेटे व बेटी की स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते उनसे अन्य बिन्दुओं पर अभी पूछताछ नहीं हो सकी है। मौका लगने पर उनसे इस बारे में भी बातचीत की जाएगी, पुलिस सुरेश पाल को गिरफ्तार करने में लगी है। उसके पकड़ें जाने पर भी हत्या की वजह सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें- आशिक के साथ मिलकर की पति की हत्या, घर में मिली चार माह पुरानी लाश