आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के 82वें जन्म दिवस के मौके पर सपा मुख्यालय पर बधाई संदेश वाली होडिंग लगाई गई है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने मुलायम सिंह को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकांउट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के मेदांता में कोरोना को पटखनी देकर, लखनऊ पहुंचे मुलायम सिंह यादव
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या ने भी ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा सपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद मुलायम सिंह यादव जी आपको जन्मदिन की अंनत शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
जबकि मुलायम के छोटे भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्त्रोत और अपने जनसंघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें व देश और समाज को दिशा दें , ऐसी मंगलकामना।
मालूम हो कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश भर में विविध आयोजन किए गए। मुलायम सिंह यादव की दीर्घायू की कामना वाले कई होर्डिंग सपा मुख्यालय पर लगाए गए हैं। हांलाकि मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य इन दिनों ठीक नहीं है। इसलिए उनका आयोजन में शामिल होना अभी तय नहीं है।