सपा के बागियों ने बनाया स्वाभिमान समाजवादी मोर्चा, लगाया आरोप खून-पसीना बहाने के बदले मिला धोखा

स्वाभिमान समाजवादी मोर्चा
दीप प्रज्जवलित करते स्वाभिमान समाजवादी मोर्चा प्रमुख।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सपा से बगावत कर स्वाभिमान समाजवादी मोर्चा बनाने वाले प्रमुखों ने रविवार को लखनऊ के विश्वेश्वरैया हाल में आयोजित जनसंवाद में सपा को निशाने पर लिया। यहां तक कहा गया कि संघर्ष का माद्दा न होने और धनबल हावी होने की वजह से पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव और जनेश्‍वर मिश्र जैसे नेताओं के सपने को खत्म किया जा रहा है।

वहीं सपा पर सवाल उठाने वाले प्रदीप खुद भी समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। ब्रजेश समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। पीडी तिवारी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। इन्हें पिछले दिनों सपा से निष्कासित कर दिया गया था। इन नेताओं ने मंच से आह्वान किया कि वे अभी तक सपा के लिए खून-पसीना बहाते रहे हैं। इसके बदले उन्हें धोखा मिला है।

प्रदीप ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा में धनबल हावी है। मुलायम सिंह यादव ने 1997 में घर से बुलाकर पार्टी के लिए काम करने का आदेश दिया और कहा कि सच के लिए कभी झुकना नहीं। तब से लेकर उनके जिंदा रहने तक पार्टी के लिए संघर्ष किया। जेल यात्रा की, लेकिन अब पार्टी अध्यक्ष की आंखों पर पट्टी बंध गई है।

उन्होंने कहा कि सपा में अब संघर्ष का माद्दा नहीं है। ऐसे में मुलायम सिंह यादव और जनेश्वर मिश्र के सपनों को साकार करने के लिए मोर्चा तैयार किया है। यह मोर्चा कॉलेजों में संगठन तैयार कर रहा है। साथ ही हर जिले में लोगों को जोड़कर समाजवादी पार्टी को उसकी असली जगह पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आखिरकार रोली मिश्रा-ऋचा सिंह सपा ये हुईं निष्कासित, नेताओं को मिलें निर्देश

ब्रजेश यादव ने कहा कि जिस पार्टी के लिए अपना जीवन कुर्बान करने का वचन लिया था। अब उसमें भटकाव है। आरोप लगाया कि अब सपा में बिना रुपया दिए टिकट नहीं मिल सकता है। ऐसे में गरीब, पिछड़े वर्ग के लोगों को अपना अलग रास्ता चुनना पड़ेगा।

पीडी तिवारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी में हर धर्म और समाज के लोगों को बराबर सम्मान मिलता रहा है, लेकिन अब अखिलेश यादव को ऐसे लोग पसंद हैं, जो ब्राह्मणों, हिंदू और सनातन धर्म पर ओछी टिप्पणी करें। राजेश यादव ने कहा विडंबना है कि डॉ लोहिया के विचारों को सपा ने तिलांजलि दे दी है। अब वहां दरबारी ढूंढे़ जा रहे हैं।

इस दौरान सूर्य प्रताप राणा, सोनी परिहार, संजीव त्रिवेदी, सौरभ सिंह, मिंटू निगम, मनोज शुक्ला, हिमांशु यादव, आशुतोष दीक्षित, संजय, सुमित सिंह, रमन कौशिक, राजेश यादव सहित तमाम पूर्व ब्लाक प्रमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आदि ने संबोधित करते हुए मोर्चे को गांव स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ेजनसभा में केशव मौर्या का अखिलेश पर हमला, उपचुनाव बाद सपा हो जाएगी समाप्तवादी पार्टी