अंतिम चरण में मुलायम सिंह ने संभाला मोर्चा, जनसभा में की सपा को जिताने की अपील

मुलायम सिंह यादव
जौनपुर में जनसभा को संबोधित करते मुलायम सिंह यादव।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने प्रचार की बागडोर संभाल ली है। इसी क्रम में शुक्रवार को सपा संस्थापक ने जौनपुर के मल्हनी विधानसभा में जनसभा की। इस दौरान मुलायम सिंह ने बिना धनंजय सिंह का नाम लिये कहा कि उधर अन्याय अत्याचार करने वाले हैं। सपा नेता ने अपने संबोधन में लोगों से संकल्प भी दिलवाया कि वह समाजवादी पार्टी को जीत दिलाएं।

मुलायम सिंह ने कहा कि नौजवान बेरोजगार है, किसान को पैदावार की मेहनत नहीं मिल रही है। सपा ने गरीब, नौजवान की बात की। सपा नेता ने आरोप लगाया कि आज की सरकार में किसान की उपेक्षा हो रही है, किसान को उसकी कीमत नहीं मिल रही है नौजवान को नौकरी नहीं मिल रही। सपा का लक्ष्य है कि गरीब, किसान, बेसहारा को विशेष सुविधा मिले।

सपा संरक्षक ने कहा कि नौजवानों के सवालों को सपा उठा रही है। जनता को सपा पर विश्वास है। सपा जो कहती है वो करती है। उन्होंने कहा कि कोई और राजनीतिक दल वादा पूरा नहीं करता। सपा नेता ने कहा कि आज के समय में व्यापारी को लाभ नहीं मिल रहा। सपा इसके लिए काम करेगी।

यह भी पढ़ें- मंच से बोले अखिलेश, सपा सरकार में करेंगे शिक्षामित्रों को समायोजित, बीएड, TET, अनुदेशक व 69 हजार शिक्षक भर्ती के लिए भी किया बड़ा ऐलान

मल्हनी से सपा प्रत्याशी लकी यादव के पक्ष में प्रचार करने आए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि देश का विकास करना है तो किसानों को सुविधा देनी होगी और नौजवान के बारे में सोचना होगा। लकी यादव ने किसान गरीब की बात की है उन्हें जीताकर सहयोग करें। इस दौरान मुलायम सिंह ने मंच से जौनपुर सदर सीट से सपा उम्‍मीदवार अरशद खान के पक्ष में भी लोगों से मतदान करने की अपील की।

साथ ही सपा संरक्षक ने कहा कि हिंसा, अत्याचार, जाति के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है। सपा की सरकार आई तो सभी इंसानों को साथ लेकर चलेंगे। लोगों को समाजवादी पार्टी से बड़ी उम्मीद है। उन्होंने सभा में आए लोगों से अपील की है कि – “संकल्प करके जाना है, सपा को जिताना है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, जितना अधिक मतदान, उतना बलवान होगा लोकतंत्र