‘भाजपा की कुनीतियों से चरमरा गई देश की अर्थव्यवस्था, प्रधानमंत्री दिखाते रहे पांच ट्रिलियन बनाने का सपना’

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों की जुबानी जंग तेज होती जा रही। इसी क्रम में रविवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोदी-योगी सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा की कुनीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, जबकि प्रधानमंत्री देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन बनाने का सपना दिखाते रहे हैं, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने का उन्होंने संकेत नहीं दिया है। ये भी नहीं बताते कि अब तक देश कितने ट्रिलियन तक पहुंचा हैं।

अखिलेश यादव ने आज अपने बयान में कहा कि भाजपा सरकार के पास सिर्फ विपक्ष को बदनाम करना और उसके नेताओं पर व्यक्तिगत अमर्यादित टिप्पणियां करना ही काम रह गया है। भाजपा के बड़े नेताओं ने अपना संयम खो दिया है और वे छिछले बयानों से अपनी संकीर्ण मानसिकता दिखा रहे हैं। साथ ही अपनी सरकारी संस्थाओं के जरिए विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश करना चाहते है। समाज का हर तबका भाजपा के धोखे और झूठ से त्रस्त है। जनता भाजपा की सच्चाई जानने लगी है, इसलिए वह जनता की समस्याओं को हल करने और चर्चा करने तक से भाग रही है।

सपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि बिना सरकारी तंत्र के भाजपा नेतृत्व अब आम जनता में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। लोग महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और किसानों की आय दोगुनी करने के वादे के साथ किसानों को फसल का लाभप्रद मूल्य दिलाने को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि भाजपा सरकार बनने पर महंगाई रुकेगी, नौजवानों को यूपी में 70 लाख नौकरियां मिलेंगी। किसानों का सम्मान होगा, बहन-बेटियों की सुरक्षा होगी। भाजपा के इस धोखे और झूठ की कलई खुल चुकी है और जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

यह भी पढ़ें- “सपा का झंडा लगाओ” अभियान के समापन पर अखिलेश ने कहा, अपनी राजनीतिक संकीर्णता के कारण कुंठित हो गयी भाजपा

सपा मुखिया ने आगे कहा कि भाजपा राज में जनता को सिर्फ जिल्लत और परेशानियां ही मिली है। लोग भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। महिलाएं अपमानित और असुरक्षित महसूस करती हैं और अपराधी बेखौफ हैं। प्रशासन असहाय बना दिया गया है। भाजपा न तो लोकतंत्र और नहीं संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है, इसलिए अब प्रदेश की जनता भाजपा को और बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। लोकतंत्र के विरुद्ध भाजपा का कोई भी षड्यंत्र कामयाब नहीं हो सकेगा। भाजपा लाख कोशिश कर ले लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा की ऐतिहासिक पराजय सुनिश्चित है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा आरोप, CM के इशारे पर हो रहें सपा नेताओं के फोन टैप, हर शाम खुद कुछ कॉल सुनते हैं मुख्यमंत्री