आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के छात्र विंग ने एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति संकट को लेकर आज लखनऊ में प्रदर्शन किया। छात्रों ने कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे के ग्लोब पार्क से निकलकर कलेक्ट्रेट की ओर मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो छात्रों से नोकझोंक हुई। जिसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा।
इस दौरान छात्रों ने थाली बजाकर जमकर नारे लगाए। जिसमें ‘खाली थाली, बंद किताब, जिम्मेदार नरेंदर साहब,’ नारा लगाते हुए बढ़े। उनका कहना था कि एलपीजी की आपूर्ति संकट का असर अब छात्रों पर भी दिखने लगा है। भाजपा सरकार सिलेंडर देने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। वहीं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
इस दौरान आप छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि मोदी सरकार की विफल विदेश नीतियों के कारण आज पूरा देश रसोई गैस आपूर्ति संकट से जूझ रहा है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव प्रदेश के शैक्षणिक शहरों, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी में पढ़ाई कर रहे छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र ऐसे हैं जो 10×10 के छोटे किराए के कमरों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन आज उनके सामने भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है। इन छात्रों के पास न तो स्थायी गैस कनेक्शन है और न ही कोई वैकल्पिक साधन जैसे इलेक्ट्रिक चूल्हा उपलब्ध है। अब तक छात्र छोटे दुकानदारों से दो से तीन किलोग्राम गैस लेकर किसी तरह अपना गुजारा करते थे, लेकिन अब न तो गैस उपलब्ध है और जहां मिल रही है, वहां 4-5 गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है।
अनित रावत ने कहा कि इस गंभीर संकट के कारण अनेक छात्र 24-24 घंटे भूखे रहने को मजबूर हैं, अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं और कई छात्र तो अपनी शिक्षा बीच में छोड़कर गांव लौटने को विवश हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल गैस आपूर्ति का संकट नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय और शैक्षणिक संकट है, जो प्रदेश के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप की छात्र विंग ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपा है, जिसमें छात्रों के लिए अलग से रसोई गैस आपूर्ति की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने दो से तीन किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर सस्ती और निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने, प्रत्येक शहर में हेल्पलाइन नंबर जारी करने और विश्वविद्यालयों एवं छात्रावासों में सामुदायिक रसोई शुरू करने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- गैस किल्लत के चलते राजधानी में 22 हजार छात्रों को नहीं मिल रहा मिड-डे मील, योगी सरकार को नहीं चिंता: वंशराज दुबे
इस दौरान आप कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार युवाओं को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है और जब छात्र अपने हक की आवाज उठा रहे हैं तो उन्हें दबाने के लिए पुलिसिया कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल प्रभाव से छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी की छात्र विंग पूरे प्रदेश में इस आंदोलन को और उग्र रूप देगी और सड़कों से लेकर विश्वविद्यालयों तक संघर्ष को तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, आशीष मौर्य, प्रदेश सचिव अमन सोनी, जिला अध्यक्ष आकाश सिंह, सूरज आकाश, नीरज, विशु यादव, पवन, आशिफ, दानिश, मनीष व अन्य लोग मौजूद रहे।




















