अखिलेश का दावा, यूपी चुनाव की चर्चा से ध्यान भटकाने के लिए हुआ ‘द कश्मीर फाइल्स’ का खेल, बसपा पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/आजमगढ़। आजमगढ़ के दौरे पर सोमवार को पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। इस दौरान अखिलेश ने दावा किया कि यूपी के चुनाव परिणाम पर चर्चा से ध्यान भटकाने के लिए खेला गया ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज का खेल। वहीं जिले की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यहां का परिणाम ऐतिहासिक रहा है। अखिलेश ने आज बसपा पर भी भाजपा से मिलीभगत कर यूपी का चुनाव लड़ने का आरोप लगाया।

साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कोशिश रही कि आजमगढ़ में सपा को पीछे कर दे। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में जाने के सवाल पर सपा सुप्रीमो ने कहा कि वह लोग हमें बुलाएंगे नहीं और बुलाएंगे, तब भी नहीं जाऊंगा। वहीं यूपी की जनता का धन्यवाद करते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा की सीटें बढ़ी हैं। साथ ही वोट प्रतिशत भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब जो चुनाव होगा उसमें न केवल भाजपा की सीटें कम होगी, बल्कि उनका वोट घटाने का काम भी जनता करेगी।

अखिलेश यादव ने नसीहत देते हुए कहा कि इस बार जब जनता ने बहुमत दिया है, तो भाजपा झूठ बोलकर जनता को निराश न करे। डीजल की कीमत लगातार बढ़ रही है। महंगाई का सवाल वैसा ही है। पहले की तरह भाजपा इस बार झूठ न बोले। उन्होंने कहा कि सपा और गठबंधन हारा नहीं है। उसका वोट बढ़ा है, साथ ही सीटें भी बढ़ी हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का भाजपा पर निशाना, सत्‍ताधारी याद रखें, छल से नहीं मिलता बल

साथ ही ‘द कश्मीर फाइल्स’ से मिल रहे पैसे को विस्थापन पर करें खर्च उन्होंने कहा कि फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ से हो रहे मुनाफे को कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर खर्च करना चाहिए। इसके लिए कमेटी का गठन होना चाहिए, जिसमें नेता न हों। अखिलेश यादव ने कहा कि यह समय ईवीएम पर बहस का नहीं है। प्रदेश में बहुत सारी जगह काउंटिंग रोक दी गई।

वहीं चुनाव में बसपा के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में बसपा क्या कर रही थी? डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना क्या था कि संविधान बचे। अखिलेश यादव ने कहा कि यह सुनने में आ रहा है कि बसपा ने अंदर ही अंदर भाजपा से हाथ मिला लिया। सपा को अब अंबेडकरवादियों के साथ चलना होगा।

माफिया को जिताने के लिए भाजपा नहीं लड़ा रही प्रत्याशी

अखिलेश यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव बड़ी चुनौती है। इसमें प्रशासन से भी लड़ना है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जहां पर माफिया को चुनाव जिताना है, वहां भाजपा प्रत्याशी नहीं लड़ा रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव के फैसले पर अखिलेश ने जनता से कहा, ढाई गुना सीट व डेढ़ गुना वोट बढ़ाने के लिए धन्‍यवाद