अखिलेश का मायावती को झटका, पूर्व बसपा सांसद समेत इन नेताओं को किया सपा में शामिल

मायावती को झटका
अखिलेश यादव के साथ दिग्गज नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने रविवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर बसपा को तगड़ा झटका दिया है। पूर्व सांसद तथा कांशीराम के बेहद करीबी माने जाने वाले बलिहारी बाबू के साथ बसपा के दर्जन भर नेताओं ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा का दामन थाम लिया है। इस मौके पर पूर्व मुख्‍यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग झूठ फैलाकर 300 से ज्यादा सीट जीत सकते हैं। हम सच के साथ चलकर 350 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

अलग-अलग दलों से आए नेताओं का स्वागत कर अखिलेश यादव ने बसपा के राज्यसभा सदस्य बलि हारी बाबू, पूर्व विधान परिषद सदस्य तिलक चंद अहिरवार व फेरन अहिरवार के साथ अनिल अहीरवार को प्राथमिक सदस्‍यता दिलाई। साथ ही सपा में शामिल होने पर भरोसा जताते हुए कहा कि इनके आगमन से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- विपक्षी दलों को डराने-धमकाने वाली BJP बन गयी लोकतंत्र के लिए खतरा: अखिलेश

लखनऊ में सपा मुख्यालय पर मीडिया को संबोधित कर अखिलेश ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि आज समाजवाद को लेकर नई-नई परिभाषाएं गढ़ी जा रही हैं। भाजपा के लोग समाजवाद से घृणा करते हैं। वो लोगों की तरक्की और खुशहाली से डरते हैं। ये ध्यान रखें जो लोग समाजवाद से डरते हैं वो मानवता से डरते हैं। हमारा संविधान देश के सभी नागरिकों को अधिकार व सम्मान देता है।

संविधान को नहीं मानते भाजपा के लोग

भाजपा के लोग संविधान को नहीं मानते हैं। वो संविधान पर हमला कर रहे हैं। समाजवाद हमारे देश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का काम करता है। इतना ही नहीं भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए सपा मुखिया ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के काम से जनता बेहद त्रस्त है। महंगाई बढ़ती जा रही है जबकि सड़कों पर बेरोजगारों की लंबी कतारें दिख रही हैं। गरीब, किसान तथा मजदूर बेहाल है जबकि पूंजीपति बैंकों को चूना लगाकर देश से फरार हो जा रहे हैं।

दंगा कराने की जुगत में लगी है सरकार

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चारों तरफ बदहाली है। हर नागरिक परेशान है और सरकार दंगा कराने की जुगत में लगी है। कानून का मजाक बनाया जा रहा है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। दबंग सरकार को अपने हिसाब से चलवा रहे हैं। प्रदेश में हमारी सरकार आने पर हम जातिगत आधार पर जनगणना कराएंगे।

वहीं कोरोना पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अभी कुछ दिनों बाद भाजपा के लोग कहेंगे कि उन्होंने कोरोना वायरस को नहीं फैलने दिया। मैं आपको बता दूं कि हमारे यहां आए हुए लोगों को कभी कोरोना वायरस नहीं हो सकता। इससे पहले पूर्वांचल के बाहुबली नेता रमाकांत यादव के साथ ही कई बसपा नेता भी अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए थे। फूलन देवी की बहन रुक्मणी निषाद भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थी।

यह भी पढ़ें- #InternationalWomensDay: CAA-NRC के विरोध में चल रहें प्रदर्शन पर बोले अखिलेश, आज महिलाओं के सम्‍मान का दिन, लेकिन भाजपा…