यूपी के पूर्व मुख्य सचिव अनूप चंद्र पाण्डेय ने संभाला देश के निर्वाचन आयुक्त का कार्यभार

अनूप चंद्र पाण्डेय
अनूप चंद्र पाण्डेय।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी काडर के आइएएस अफसर (सेवानिवृत) अनूप चंद्र पांडेय को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है, जिसके  बाद बुधवार को नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन कार्यालय में उन्होंने देश के नए निर्वाचन आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है।

बीते दिन राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने  अनूप चंद्र के नाम पर मुहर लगाते हुए आदेश जारी किया था। अनूप चंद्र पाण्डेय को 37 वर्ष की भारतीय प्रशासनिक सेवा का अनुभव है। उत्तर प्रदेश में अगस्त 2019 तक मुख्य सचिव के पद पर आसीन रहे अनूप चंद्र पाण्डेय फिलहाल एनजीटी में यूपी निगरानी समिति के मौजूदा सदस्य भी हैं। 2018 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बने थे। इससे पहले वह औद्योगिक उत्पादन आयुक्त, प्रमुख सचिव वित्त तथा अन्य बड़े पद पर रहे।

अनूप चंद्र पाण्डेय का जन्म 15 फरवरी 1959 को पंजाब के चंडीगढ़ में हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा मैटेरियल मैनेजमेंट में एमबीए की उपाधि भी प्राप्त की है।

यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट की EC को फटकार, कोरोना की ऐसी स्थिति के लिए सिर्फ आप जिम्मेदार, अधिकारियों पर दर्ज होना चाहिए हत्‍या का मुकदमा

कानून मंत्रालय में विधायी विभाग ने कहा कि राष्ट्रपति ने 1984 बैच के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के अधिकारी पाण्डेय को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त करने का आदेश दिया है।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के पद छोड़ने के बाद तीन सदस्यीय पैनल में एक जगह खाली थी। अरोड़ा ने 12 अप्रैल को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) का पद छोड़ा था। वर्तमान में सुशील चंद्रा मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जबकि राजीव कुमार एक अन्य चुनाव आयुक्त हैं। योग्य और कर्मठ प्रशासनिक अधिकारी की छवि वाले अनूप चंद्र पाण्डेय लम्बे समय तक केंद्र सरकार की सेवा में भी रहे हैं।

यह भी पढ़ें- EC का स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को आदेश, चुनावी राज्यों में वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट से हटाएं PM मोदी की फोटो