अस्‍पताल पहुंचकर राजबब्‍बर ने जाना आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का हाल, पुलिस की कार्रवाई को बताया अमानवीय

राजबब्बर ने जाना आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का हाल
अस्पताल में भर्ती प्रदर्शनकारी का हालचाल लेते राजबब्‍बर। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज में घायल होकर सिविल अस्‍पताल में भर्ती आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों से मिलने आज कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष राजबब्‍बर अस्‍पताल पहुंचे। अस्‍पताल में प्रदेश अध्‍यक्ष ने घायलों का हालचाल जानने के साथ ही डॉक्‍टरों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए बेहतर इलाज करने का अनुरोध किया। उन्‍होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उन लोगों के साथ है।

इस दौरान योगी सरकार के रवैयये से नाराज और पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने इलाज में लापरवाही करने का डॉक्‍टरों पर भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि रात से इलाज में लापरवाही बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें इस बार शिक्षक दिवस पर पीटे गए शिक्षक, 40 माह से वेतन नहीं मिलने पर जा रहे थे विधानसभा घेरने

राजबब्बर ने जाना आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का हाल
अस्पताल पहुंचे राजबब्‍बर।

वहीं राजबब्‍बर ने मीडिया के सामने अस्‍पताल में ही योगी सरकार और राजधानी के पुलिस-प्रशासन को निशाने पर लिया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की हालत देखने और उनकी समस्‍या सुनने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष ने महिलाओं पर लाठीचार्ज को अमानवीय घटना बताते हुए कहा कि जो हुआ काफी गलत हुआ। पुलिस को अपना हक मांग रही महिलाओं पर लाठीचार्ज नहीं करना चाहिए था। महिलाएं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रही थी, इसके बाद भी इस तरह से महिलाओं की पिटाई ने एक बार फिर महिलाओं के सम्‍मान का नारा देने वाली प्रदेश सरकार की असलियत सामने ला दी।

यह भी पढ़ें- हजरतगंज में प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों पर लाठीचार्ज, कई घायल, देखें वीडियो

बताते चलें राज्‍य कर्मचारी का दर्जा देने, मानदेय बढ़ाने समेत 16 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्‍तर प्रदेश के विभिन्‍न जिलों की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां हजरतगंज में प्रदर्शन कर रही थी। मांग नहीं माने जाने पर प्रदर्शनकारियों के सड़क पर प्रदर्शन समाप्‍त नहीं करने से नाराज राजधानी की पुलिस ने बुधवार को उनपर लाठीचार्ज करने के सथ ही लात-घूंसों से भी पीटा था। इससे ठीक एक दिन पहले भी हजरगंज में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की लाठी बरसी थी।

यह भी पढ़ें- लगातार दूसरे दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों पर बरसी पुलिस की लाठी