बढ़ते तनाव के बीच भारत का अलर्ट, ईरान में मौजूद नागरिकों से तुरंत निकलने की अपील

ट्रैवल एडवाइजरी

आरयू वेब टीम। पश्चिम एशिया में सुरक्षा हालात तेजी से बिगड़ते देख तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को भारतीय नागरिकों के लिए हाई-प्रायोरिटी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों से ईरान की यात्रा पूरी तरह टालने और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब पिछले 24 घंटों में क्षेत्र के कई शहरों में सैन्य गतिविधियां, हवाई हमले और मिसाइल हमले तेज हुए हैं। सोमवार को इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर हमले और जवाबी हमले हुए। संघर्ष के सौवें दिन हुई इस सैन्य कार्रवाई ने पहले से नाजुक युद्धविराम को गंभीर खतरे में डाल दिया है और पूरे क्षेत्र में व्यापक युद्ध की आशंका बढ़ा दी है।

इस बीच ईरान समर्थित हूती समूह ने लाल सागर में इजरायली शिपिंग पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। लाल सागर वैश्विक समुद्री व्यापार का एक अहम मार्ग माना जाता है। इस कदम ने क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। ताजा सैन्य घटनाक्रम में एक ईरानी पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाए जाने की खबर है, जबकि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि उसने इजरायल के दो सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया। यह घटनाएं ऐसे समय हुईं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कथित तौर पर इजरायल से ईरान के मिसाइल हमलों के जवाब में सैन्य कार्रवाई से बचने की अपील कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- तीन महीने बाद होगी ईरान के अयातुल्ला अली खामेनेई की तदफीन

तनाव की यह नई लहर रविवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इजरायली हवाई हमलों के बाद शुरू हुई। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल पर हमला किया और फिर सोमवार को दोनों पक्षों के बीच हमले और प्रतिहमले जारी रहे। 28 फरवरी से जारी इस युद्ध को समाप्त करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर भी इसका असर पड़ता दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें- ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा, हम पर थोपा गया युद्ध, मजबूर किया तो जरूर लड़ेंगे