पश्चिम बंगाल में भाजपा को बड़ा झटका, सांसद अर्जुन सिंह TMC में शामिल

सांसद अर्जुन सिंह

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल में टीएमसी एक के बाद बीजेपी को कई झटके दे चुकी हैं। राज्य के विधानसभा चुनाव में हुई बीजेपी की हार के बाद कई विधायकों सहित नेताओं ने टीएमसी का दामन थाम लिया। वहीं अब पश्चिम बंगाल के बैरकपुर के भाजपा सांसद और प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह टीएमसी में शामिल हो गए हैं।

रविवार को अर्जुन सिंह टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पहुंचे, जिसके बाद अब उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट की डीपी बदल दी है। नई फोटो में अर्जुन सिंह टीएमसी का पटका पहने नजर आ रहे हैं।

दरअसल भाजपा से चल रही नाराजगी के बीच उन्होंने पार्टी छोड़ने का मन बना लिया था। पश्चिम बंगाल बीजेपी के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह का आरोप है कि संगठन में एक वरिष्ठ पद पर रहने के बावजूद उन्हें सही से काम करने की अनुमति नहीं मिल रही है, जिससे वो नाराज थे। सूत्रों के हवाले से पहले ही बताया जा रहा था कि अब वो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होंगे।

बीजेपी सांसद अजय सिंह का बयान शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा जूट की कीमतों को 6,500 रुपए प्रति क्विंटल पर सीमित करने की अधिसूचना को वापस लेने की घोषणा के बाद आया था। सिंह ने कहा, “मैंने हाल ही में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और उन्हें पार्टी की राज्य इकाई की स्थिति के बारे में बताया। समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा। राज्य उपाध्यक्ष होने के बावजूद, मुझे ठीक से काम करने की अनुमति नहीं है।” बता दें कि सिंह ने साल 2019 में टीएमसी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

यह भी पढ़ें- उपचुनाव: TMC ने शत्रुघ्न सिन्हा को दिया लोकसभा का टिकट, विधानसभा के लिए बाबुल सुप्रियो को बनाया उम्मीदवार

सूत्रों ने यह भी बताया कि सिंह ने हाल ही में जूट मिल के मुद्दे को उठाते हुए भाजपा की राज्य इकाई में गुटबाजी को लेकर भाजपा के शीर्ष अधिकारियों से मिलने के लिए दिल्ली का दौरा किया था। सिंह ने बड़े पैमाने पर विरोध शुरू करने की चेतावनी भी दी थी।

यह भी पढ़ें- TMC में शामिल होकर बोले पवन वर्मा, आज एक मजबूत विपक्ष का होना जरूरी