उपचुनाव: TMC ने शत्रुघ्न सिन्हा को दिया लोकसभा का टिकट, विधानसभा के लिए बाबुल सुप्रियो को बनाया उम्मीदवार

टीएमसी

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा को आसनसोल लोकसभा सीट से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है। वहीं बालीगंज विधानसभा उपचुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो टीएमसी उम्मीदवार होंगे।

ममता बनर्जी ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की ओर से यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि आसनसोल से लोकसभा उपचुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध अभिनेता श्री शत्रुघ्न सिन्हा हमारे उम्मीदवार होंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध गायक श्री बाबुल सुप्रियो बालीगंज से विधानसभा उपचुनाव में हमारे उम्मीदवार होंगे। जय हिंद, जय बांग्ला, जय मां-माटी- मानुष!

कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर पिछले साल खबर आई थी कि वो टीएमसी ज्वॉइन कर सकते हैं। छह अप्रैल 2019 को सिन्हा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला की उपस्थिति में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य बने। 2019 लोकसभा चुनाव में सिन्हा भाजपा के रविशंकर प्रसाद से हार गए थे। 2009 और 2014 के आम चुनावों में उन्होंने भाजपा के टिकट पर पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। वो वाजपेयी मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री भी बने।

यह भी पढ़ें- बंगाल निकाय चुनाव में TMC ने किया भाजपा का सूपड़ा साफ, 107 निकायों में से 93 में दर्ज की जीत

वहीं बाबुल सुप्रियो भी पिछले साल भाजपा से टीएमसी में आ गए। वो 2014 से आसनसोल सीट से भाजपा के सांसद थे। पिछले साल जुलाई में मोदी कैबिनेट का जो विस्तार हुआ उसमें सुप्रियो को जगह नहीं दी गई थी। इसके पहले वह केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री थे।

इसके बाद 31 जुलाई को सुप्रियो ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि वह राजनीति छोड़ रहे हैं और वह किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, उन्होंने बाद में अपने इस पोस्ट को हटा दिया और कुछ समय बाद वो टीएमसी में शामिल हो गए।

यह भी पढ़ें- ममता ने भाजपा पर लगाया वोट लूटने का आरोप, उठाई EVM जांच की मांग, कांग्रेस के साथ 2024 का चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई