बिहार में तीन चरण में होंगे विधानसभा चुनाव, दस नवंबर को आएंगे नतीजे

बिहार विधानसभा चुनाव
प्रेसवार्ता में जानकारी देते मुख्य चुनाव आयुक्ति सुनील अरोड़ा।

आरयू वेब टीम। चुनाव आयोग ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का शुक्रवार को ऐलान कर दिया है। इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि कोविड काल में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहला चरण का चुनाव 28 अक्टूबर 2020 को होगा, दूसरे चरण का तीन नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव सात नवंबर को कराया जाएगा।

चुनाव आयुक्‍त ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में जहां 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों पर, जबकि तीसरे और अंतिम चरण में 15 जिलों की 78 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन चुनावों के नतीजों का ऐलान दस नवंबर 2020 को किया जाएगा।

23 लाख हैंड ग्‍लब्‍स व 46 लाख मास्‍क का किया गया इंतजाम

वहीं सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर चुनाव के दौरान एक बूथ पर एक हजार मतदाता ही होंगे। मतदान के लिए सात लाख हैंड सैनेटाइजर, छह लाख पीपीई किट्स, सात से छह लाख बेड्सशीट, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है। 46 लाख मास्क की व्यवस्था की गई है।

वोटिंग के लिए बढ़ाया गया एक घंटा

उन्होंने बताया कि बिहार की 243 सीटों में से 38 सीटें एससी वर्ग और दो एसटी वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। ईसी के मुताबिक बिहार में कुल सात करोड़ 79 लाख वोटर हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के समय को भी एक घंटा बढ़ा दिया गया है। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक के बजाय, इस बार छह बजे तक वोटिंग होगी। इसके अलावा कोरोना मरीज भी मतदान कर सकते हैं।

इस बार होगा वर्चुअल चुनाव प्रचार

कोरोना के मद्देनजर इलेक्शन कमीशन ने चुनाव प्रचार को लेकर भी गाइडलाइन तैयार की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पांच से ज्यादा लोग एक साथ किसी के घर जाकर प्रचार नहीं करेंगे। बल्कि इस बार बिहार में वर्चुअल चुनाव प्रचार होगा। नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं जा सकते हैं। नामांकन ऑनलाइन भी किया जा सकता है और प्रचार के दौरान बड़ी-बड़ी जनसभाएं नहीं की जा सकेंगी।

क्‍वारेंटाइन लोगों के लिए भी वोटिंग के खास इंतजाम

चुनाव प्रचार के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा, प्रचार के दौरान कोई शारीरिक संपर्क नहीं होगा। जो लोग क्वांरेंटाइन हैं, उनके लिए वोटिंग के लिए भी खास इंतजाम किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान के अंतिम समय में कोरोना पीड़ित अपना वोट डाल सकेंगे, जिनके लिए अलग व्यवस्था होगी।

साथ ही दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेसवर्ता चुनाव आयोग द्वारा 65 उपचुनावों की घोषणा भी करने की संभावना थी लेकिन अभी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि चुनाव आयोग ये पहले ही साफ कर चुका है कि बिहार विधानसभा चुनाव और सारे उपचुनाव 29 नवंबर तक संपन्न करा लिए जाएंगे। कोरोना वायरस महामारी के बीच देश में यह पहला राज्य चुनाव होगा।

यह भी पढ़ें- राज्‍य को कई सौगातें देकर बोले PM मोदी, राष्ट्रनिर्माण में बिहार का बहुत बड़ा योगदान