पश्चिम बंगाल में अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा के विरोध में भाजपा ने लखनऊ में निकाला मौन जुलूस

मौन जुलूस
मार्च निकालते भाजपा के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मंगलवार को पश्चिम बंगाल में अमित शाह के रोड शो निकालने के दौरान हुई हिंसा के विरोध में बुधवार को भाजपा ने लखनऊ में मौन जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बीजेपी के राज्‍य मुख्‍यालय पर प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर व प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर के नेतृत्‍व में भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा तक आज पैदल मार्च किया।

यह भी पढ़ें- अमित शाह ने कहा पंश्चिम बंगाल में TMC करा रही हिंसा, CRPF न होती तो मेरा बच निकलना था बहुत मुश्किल

इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘‘ममता बनर्जी शर्म करो, लोकतंत्र की हत्या बंद करो’’, ‘‘पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाओ, लोकतंत्र बचाओ’’, ‘‘दीदी तेरी दादागिरी नही चलेगी-नही चलेगी’’, जैसे नारे लिखी हुई तख्तियां थीं।

पश्चिम बंगाल में खतरे में है लोकतंत्र 

महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि ममता सरकार द्वारा तरह-तरह से लोकतंत्र का अपमान किया जा रहा है। कभी भाजपा नेताओं के हेलीकाफ्टर उतरने की अनुमति न देना तथा सभा की अनुमति न देना एवं अनुमति मिलने के बाद निरस्त कर देना एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को विभिन्न तरीको से प्रताड़ित करने जैसी घटनायें घटी हैं जिससे लोकतंत्र अपमानित हुआ है एवं पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में हैं।

यह भी पढ़ें- टीएमसी का पलटवार, बंगाल में बाहर से गुंडे लेकर आए थे अमित शाह

मौन जुलूस में अवध क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश तिवारी, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. चन्‍द्रमोहन, अंजनी श्रीवास्तव, पुष्कर शुक्ला, साधना वर्मा, जया शुक्ला, नीरज कटियार, सौरभ बाल्मीकि, नीलम सिंह, मधुबाला त्रिपाठी समेंत भाजपा के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।