आरयू संवाददाता,
रायबरेली। कांग्रेस विधायक अदिति सिंह पर हमले के बाद बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अदिति सिंह का हाल जानने रायबरेली पहुंची। वो सबसे पहले रायबरेली के तिलक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंची और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने मंगलवार को अदिति सिंह पर हुए हमले की जानकारी लेने के साथ ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा नेताओं ने कार से निकालकर मारा, उन्होंने कांग्रेस नेताओं के ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर ये सब किया है और हम इसकी शिकायत लखनऊ से लेकर दिल्ली तक चुनाव आयोग से करेंगे।
प्रियंका ने कहा, रायबरेली गुंडों की नहीं है। सत्ताधारी गुंडों ने जो कुछ किया, उससे लोकतंत्र को चोट पहुंची है। हमने तीन दिन पहले ही प्रशासन से कहा था कि जिला पंचायत के अविश्वास प्रस्ताव में सबकुछ फेयर हो, लेकिन अफसरों ने नाइंसाफी की। हम उन्हें छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि डरने की बिलकुल जरूरत नहीं है। अब ये लड़ाई आपकी नहीं, हमारी है।
यह भी पढ़ें- अदिति सिंह पर हमले को लेकर भड़के अजय कुमार, कहा सीएम योगी के हाथ में गुंडाराज की कमान, आरोपित गिरफ्तार नहीं हुए तो प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी कांग्रेस
आज प्रियंका गांधी ने जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात कर उनके साथ बैठक की। साथ ही पंचायत सदस्यों व पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि जो भी हुआ वह बेहद गलत था यह मेरी लड़ाई है आप लोग परेशान न हों। वहीं, उनसे मिलने के लिए कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह भी पहुंची। प्रियंका ने सदर विधायक का हाल जाना। मामले को लेकर बातचीत की।
मालूम हो कि कल उत्तर प्रदेश के रायबरेली सदर क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर पथराव के बाद फायरिंग की गई थी। इसी दौरान जब उनकी गाड़ी की रफ्तार तेज हुई, तो गाड़ी पलट गई, जिसमें इस पर अदिति सिंह समेत कई लोग घायल हो गए। अदिति सिंह ने आरोप लगाया कि यह हमला जिला पंचायत प्रमुख अवेधश सिंह के इशारे पर किया गया है। इस हमले के वक्त अवधेश सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद थे।




















