हत्या-गैंगरेप के दोषियों को जेल भेजने के फैसले पर राहुल ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने बता दिया कौन है अपराधियों का संरक्षक, प्रियंका ने दी बिलकिस बानो को बधाई

अपराधियों का संरक्षक

आरयू वेब टीम। बिलकिस बानो केस के 11 दोषियों को फिर से जेल भेजने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा सरकार पर विपक्ष ने हमला बोलना शुरू कर दिया है। फैसले के ठीक बाद कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाएं। राहुल व प्रियंका ने कहा कि बिलकिस बानो मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले से साफ हो गया है कि भाजपा की सोच महिला विरोधी है और चुनावी फायदे के लिए उसकी यह सोच लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक है।

यह भी पढ़ें- गुजरात सरकार से सुप्रीम कोर्ट का सवाल, बिलकीस बानो के दोषियों को ही रिहाई पॉलिसी का फायदा क्यों

राहुल गांधी ने कहा “चुनावी फायदे के लिए ‘न्याय की हत्या’ की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक है। आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने एक बार फिर देश को बता दिया कि ‘अपराधियों का संरक्षक’ कौन है। बिलकिस बानो का अथक संघर्ष, अहंकारी भाजपा सरकार के विरुद्ध न्याय की जीत का प्रतीक है।”

वहीं प्रियंक गांधी ने बिलकिस बानो को मिले न्याय पर उन्हें बधाई देते हुए कहा “अंततः न्याय की जीत हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात दंगों के दौरान गैंगरेप की शिकार बिलकस बानो के आरोपियों की रिहाई रद्द कर दी है। इस आदेश से भारतीय जनता पार्टी की महिला विरोधी नीतियों पर पड़ा हुआ पर्दा हट गया है। इस आदेश के बाद जनता का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्‍वास और मजबूत होगा। बहादुरी के साथ अपनी लड़ाई को जारी रखने के लिए बिल्किस बानो को बधाई।”

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर पेज पर कहा “बिलकिस बानो के बलात्कारी फिर से जेल जाएंगे भाजपा सरकार ने इन बलात्कारियों की रिहाई करवाई थी। बिलकिस बानो केस में आया सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला ऐतिहासिक है। यह फैसला गुजरात की भाजपा सरकार द्वारा बिलकिस बानो के बलात्कारियों की रिहाई करने के महिला विरोधी कृत्य को उजागर करता है। यह बताता है कि महिलाओं को लेकर भाजपा की सोच कितनी घृणित है।

यह भी पढ़ें- बिलकिस बानो केस के 11 गुनाहगार फिर जाएंगे जेल, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया सरकार का दोषियों की सजा माफी वाला आदेश