बसपा कार्यकर्ता सम्‍मेलन में सतीश चंद्र ने कहा, महिलाओं से नफरत करने वाली भाजपा सरकारें नहीं लेतीं मां सीता का नाम, बीजेपी-सपा मिलीभगत से कराती है हिंदू-मुस्लिम दंगे

बसपा का कार्यकर्ता सम्‍मेलन
कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते सतीश चंद्र मिश्र साथ में बसपा के अन्य नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटें हैं। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में बसपा का कार्यकर्ता सम्‍मेलन आयोजित किया गया। सम्‍मलेन को संबोधित कर बसपा के राष्‍ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने बीजेपी को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि महिलाओं से नफरत करने वाली मां सीता का कभी नाम नहीं लेती है। यह कभी नहीं चाहती की यूपी व देश में कहीं भी महिलाएं आगे बढ़ें-

योगी सरकार के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए बसपा सांसद ने कहा कि यूपी की रेनू शर्मा, खुशी दुबे और हाथरस की दलित बेटी के साथ जिस तरह भाजपा सरकार ने अत्याचार और घृणित काम किया है, उससे प्रदेश की महिलाओं के अंदर डर बैठ चुका है कि भाजपा सरकार के लोग किसी को भी मार सकते हैं,  कैद कर सकते हैं और मिट्टी का तेल डालकर जला सकते हैं।

यूपी चुनाव से बीजेपी द्वारा मथुरा का मुद्दा गर्माना की बात कहते हुए सतीश चंद्र ने कहा कि राम मंदिर का फैसला देकर न्यायालय ने भाजपा की राजनीति पहले खत्म कर दी। अब भाजपा वालों को मथुरा वृंदावन की याद आ रही है। प्रदेश की जनता जानती की मथुरा वृंदावन का विकास बसपा शासनकाल में किया जा चुका है। बहन जी (मायावती) ने मुझे आदेश दिया था कि बजट की चिंता ना करते हुए मथुरा-वृंदावन का समग्र विकास कीजिए।

यह भी पढ़ें- सपा, कांग्रेस समेत कई पार्टियां BSP के खिलाफ रच रहीं साजिश: मायावती

बीजेपी के साथ ही सपा पर भी निशाना साधते हुए सतीश चंद्र ने कहा कि भाजपा व सपा बहन जी और बसपा शासनकाल की नकल करके सरकार चलाना चाहती है, लेकिन ये दोनों नकल करने में भी फेल साबित होते है। पूर्व की सपा सरकार में दंगा, अपराध, जमीनों का कब्जा, प्रदेश के सभी विभागों में एक समुदाय की भर्ती, सैफई में जनता का करोड़ों रुपए खर्च करके फिल्मी सितारों पर लुटाने जैसे बड़े-बड़े घोटाले। इतना ही नहीं भाजपा और सपा मिलीभगत से उत्‍तर प्रदेश में हिंदू-मुस्लिम दंगे कराती है। भाजपा और सपा के चेहरे अलग हैं, लेकिन आत्मा जुड़ी हुई है। महिलाओं का शोषण भी सपा और भाजपा शासनकाल में सबसे ज्यादा हुआ।

प्रदेश के मुखिया हिटलर और मुसोलिनी के रास्ते पर

सीएम योगी पर निशाना साधते हुए बसपा महासचिव ने कहा कि प्रदेश के मुखिया हिटलर और मुसोलिनी के रास्ते पर चल रहे हैं। जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री गुरुओं और शिक्षकों के लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करें उस प्रदेश का वह विकास कैसे कर सकता है। साथ ही कहा कि बेरोजगार युवाओं ने तो अपना गुस्सा उसी दिन जाहिर कर दिया था जब इस प्रदेश के सीएम का जन्मदिन बेरोजगार दिवस के रुप में मनाया था। जो जनता को दुखी करता है वो महाराज आपने आप को नही बोल सकता।

यह भी पढ़ें- पुण्‍यतिथि पर बाबा साहब को याद कर बोलीं मायावती, सड़क पर उतरने से नहीं, BSP को सत्‍ता में लाने से बचेगा संविधान