मौलान कल्‍बे सादिक के बेटे समेत दस नामजद व सैकड़ों अज्ञात पर मुकदमा, किया था CAA का विरोध

मौलान कल्‍बे सादिक
सीएए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए मौलान कल्बे सादिक। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ ठाकुरगंज के घंटाघर पर हो रहे प्रदर्शन के मामले में एक और एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मुकदमे में कल्बे सादिक के बेटे कल्बे सिब्तेन, शेख ताहिर व आदिल नसीम समेत दस लोगों को नामजद किया है, जबकि सैकड़ों अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया है।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आज घंटाघर व आसपास के इलाकों से कुछ लोगों को इस मामले में गिरफ्तार भी किया है। साथ ही मौके पर पुलिस व फोर्स भी बड़ी संख्‍या में तैनात कर दी है।

पुलिस ने पुलिस ने मुकदमें में शामिल लोगों पर नारेबाजी करने व धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। लखनऊ पुलिस के अनुसार जिन लोगों पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है, उनमें आदिल नसीम सिद्दिकी पुत्र सौकत नसीम सिद्दीकी, शेख ताहिर पुत्र मो. नवी, कल्बे सिवतैन पुत्र कल्बे सादिक, मोहम्मद अनस, लईक हसन, अरसद आलम खान, मोहम्मद यामीन, मोहम्मद अकरम, कय्युम, नेता सफात शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- शहीन बाद की तर्ज पर CAA के खिलाफ लखनऊ में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, खुले आसमान के नीचे रातभर घंटाघर पर डटीं रहीं महिलाएं

एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इन लोगों ने बिना अनुमति के जबरन जुलूस निकाला था। इस पर स्थानीय चौकी इंचार्ज की तरफ से ठाकुरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इन पर आरोप है कि घंटाघर थाना क्षेत्र ठाकुरगंज पर कुछ महिला संगठनों व महिलाओं द्वारा 17 जनवरी से बिना अनुमति अवैध रूप से सीएए और एनआरसी के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। इसी धरने में 24 जनवरी को शाम करीब छह बजे कुछ लोगों का एक बड़ा झुंड हाथों में डंडा लिए वहां पहुंच गया और नागरिकता कानून का विरोध करने लगा।

साथ ही इन सैकड़ों लोगों ने घंटाघर पर अपनी गाड़ी आड़ी-तिरछी खड़ी कर जाम लगा दिया और धारा 144 का उल्लंघन भी किया गया। पुलिस द्वारा समझाने पर भी ये लोग नहीं माने और उत्तेजक नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। वहीं प्रदर्शनकारियों पर आरोप है कि इन्होंने भड़काऊ नारे लगाते हुए पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की।

इस पूरे वाकये से घंटाघर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे जिससे जाम लग गया। जानकारी के अनुसार धारा 145, 147, 188, 283, 353 और सीएल सात एक्‍ट के अन्तर्गत एफआइआर दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- CAA के खिलाफ लखनऊ में चौथे दिन महिलाओं ने पेंटिंग बनाकर जताया विरोध, दारापुरी भी पहुंचें