चुनाव से पहले भाजपा को झटका, बदायूं बिल्सी विधायक राधा कृष्ण ने थामा सपा का दामन

बिल्सी विधायक राधा कृष्ण

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही दल-बदलने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। इस बीच भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक राधा कृष्ण शर्मा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। राधा कृष्ण बदायूं जिले की बिल्सी विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं, जिन्होंने आज सपा की सदस्यता ग्रहण की है।

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करते हुए भाजपा विधायक की तस्वीर साझा कर यह जानकारी दी गयी है। साथ ही बताया गया कि, ‘‘राष्ट्रीय अध्यक्ष  के नेतृत्व में आस्था जताते हुए बदायूं, बिल्सी से भाजपा विधायक राधा कृष्ण शर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।”

गौरतलब है कि भाजपा में तमाम विधायको के टिकट कटने की आशंका के कारण विधायकों के दलबदल का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा की चुनाव समिति की आज शाम होने वाली बैठक में टिकटों पर अंतिम दौर का विचार विमर्श किया जायेगा।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए बसपा, कांग्रेस, सपा व प्रसपा के कई नेता

वहीं बिल्सी विधानसभा में सीट की बात करें तो करीब तीन लाख वोटर हैं। लोधी राजपूत वोटरों की संख्या काफी ज्यादा है। इसके अलावा यादव, मौर्या, क्षत्रिय, ब्राह्मण, मुस्लिम, वैश्य और अनुसूचित जाति के की संख्या भी बहुत है। ऐसे में किसी भी पार्टी की हार और जातीय फैक्टर के ऊपर निर्भर करती है। इस लिहाज से बिल्सी विधानसभा पर जातीय समीकरण काफी मायने रखता है।

यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक और बसपा के पूर्व सांसद समेत दर्जनों नेता व पूर्व MLC को अखिलेश ने किया सपा में शामिल