मोदी के जन्‍मदिन पर सीएम से लेकर प्रदेश अध्‍यक्ष तक ने लगाई झाड़ू, क्लिक कर जाने सफाई अभियान का हाल

सफाई अभियान
गाजियाबाद में सफाई अभियान चलाते प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। देश भर में सफाई को लेकर खासे सजग रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्‍मदिन को आज भाजपा ने यादगार तरीके से उत्‍तर प्रदेश में मनाया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व डॉ. दिनेश शर्मा समेत तमाम मंत्री नेताओं ने यूपी के अलग-अलग जिलों में झाड़ू देकर सफाई अभियान चलाने के साथ प्रधानमंत्री को 67 साल के हो जाने पर जन्‍मदिन की शुभकामनाएं दी। वहीं केंद्रीय मंत्री उमा भारती और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण ने राजधानी में सफाई अभियान चलाया।

मोदी के संसदीय क्षेत्र में पहुंचे योगी

मोदी की काशी में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम’ में पहुंचे मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ  ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दो अक्टूबर 2014 को गांधी जयंती पर लिया गया संकल्प ‘स्वच्छ भारत अभियान’ अब एक बृहत आंदोलन बन गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता विशेषकर माताओं व बहनों से स्वच्छता में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने स्वच्छता अभियान को सेवा से जोड़ने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता से कई समस्याओं का समाधान होगा। स्वच्छता से पूरी दुनिया में भारत की छवि सुधरेगी तथा देश में एक स्वच्छ वातावरण का निर्माण भी होगा।

यह भी पढ़ें- जन्‍मदिन पर देश को सरदार सरोवर बांध का तोहफा देकर बोले मोदी, जनता के सपने के लिए जिउंगा

महेंद्र पाण्‍डेय ने गाजियाबाद में दी झाड़ू

गाजियाबद पहुंचे डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने सड़कों पर सफाई अभियान चलाने के बाद कहा कि लोकप्रिय प्रधानमंत्री का ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान’ आज आंदोलन बन गया है। भाजपा अपने लोकप्रिय नेता के जन्मदिन को स्वच्छता ही सेवा के रूप में पूरे प्रदेश में मना रहा है। पार्टी के सभी वरिष्ठ से लेकर कनिष्ठ तक इस अभियान का सफल बनाने के लिए संकल्प बद्ध होकर काम कर रहे है। वहीं उन्‍होंने यमएमजी हास्पिटल में मरीजों और गरीबों को फल वितरण भी किया।

सफाई अभियान
केशव मौर्या ने साफ किया नाला।

बरेली में केशव मौर्या ने साफ किया नाला

वहीं सफाई अभियान के तहत बरेली पहुंचे डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने जबरदस्‍त तरीके से सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्‍होंने सड़कों के साथ ही नाले में भी झाड़ू चलाने से परहेज नहीं किया। हरूननला इलाके की कश्यप बस्ती में सफाई अभियान के दौरान उनके साथ प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

बरेली में आयेजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्‍प को पूरा करना राष्ट्रीय कर्तव्य व राष्ट्रीय आंदोलन है। आज इसी को पूरा करने के लिए पूरा बरेली, पूरा प्रदेश ही नहीं पूरा देश भी खड़ा है।

यह भी पढ़ें- भाजपा का दावा जिम्‍मेदारियों से मुंह मोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही योगी सरकार

‘अगले साल अक्‍टूबर से बुंदेलखंड को मिलेगी 24 घंटे बिजली’

वहीं झांसी में आयोजित स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अक्टूबर 2018 से हमारी सरकार बुंदेलखंड को 24 घंटे बिजली देगी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन की अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई एवं  सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर झाड़ू लगाई और वहां की सफाई व्यवस्था देखी। उन्होने कहा कि संगठन ने नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवादिन के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।

इन दिग्‍गजों ने भी लिया सफाई अभियान में हिस्‍सा

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्‍तव ने बताया कि इसके साथ ही बीजेपी राष्‍ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अलीगढ़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम ने कन्‍नौज, एसटी-एससी आयोग अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया ने रायबरेली, केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने नोएडा महानगर, केंद्रीय मंत्री डॉ. सतपाल सिंह ने बागपत, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने शाहजहांपुर, कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने अमेठी, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने कानपुर दक्षिण, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने पीलीभीत, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कानपुर देहात अकबरपुर, कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने फिरोजाबाद, कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी ने वाराणसी, कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री ने बाराबंकी, कैबिनेट मंत्री ने जय प्रताप सिंह बस्ती, कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक ने हरदोई, कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने फर्रूखाबाद, कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मथुरा, कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप ने प्रतापगढ़, कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने बहराइच, कैबिनेट मंत्री नन्द कुमार ‘नंदी गुप्ता’ ने इलाहाबाद, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल ने श्रावस्ती, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा ने सम्भल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी ने हाथरस, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्म सिंह सैनी ने सहारनपुर महानगर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर ने चंदौली, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने सिद्धार्थनगर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने गुलाबो देवी ने रामपुर तथा राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने कुशीनगर, राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह धुन्नी सिंह ने कौशाम्बी, राज्‍यमंत्री गिरीश यादव ने जौनपुर, राज्यमंत्री बलदेव ओलख ने बरेली, राज्यमंत्री सुरेश पासी ने गाजीपुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने कन्नौज, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने कानपुर ग्रामीण, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी त्यागी ने मुजफ्फरनगर, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने नोएडा जिला, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने आजमगढ़, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने जौनपुर, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता ने लखीमपुर, प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने सीतापुर, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरूषोत्तम खण्डेलवाल ने एटा, सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने बदायूं में स्वच्छता अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें- जानें बीजेपी सांसद के साथ शिक्षामित्रों के मिलने पर क्‍या बोले योगी