निकाय चुनाव में सीएम और उनके मंत्रियों ने लोक लुभावनी घोषणा कर आचार संहिता का किया उल्‍लंघन: रालोद

राज्य स्तरीय दर्जा

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मसूद अहमद ने भाजपा नेताओं सहित सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर हमला बोला है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की शुरूआत से ही प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों ने विभिन्न प्रकार की लोक लुभावन घोषणाओं के द्वारा स्वस्थ्य लोकतंत्र की धज्जियां उडाने के साथ-साथ आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया है।

उन्‍होंने आरोप लगाते हुए आज अपने बयान में कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश की सम्पूर्ण मशीनरी का दुरूपयोग करने, प्रदेश के कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर रौब गांठकर काम लेने का बीड़ा भारतीय जनता पार्टी ने उठा रखा है। भाजपा के लोग अपने क्रिया कलापों से ऐसा प्रदर्शन कर रहे हैं कि उनके हाथ से भविष्य में कभी भी सत्ता की चाभी दूर होने वाली नहीं है।

यह भी पढ़ें- छिटपुट घटनाओं के बीच निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान संपन्न, जानें कितने प्रतिशत हुई वोटिंग

डॉ मसूद ने यह दावा किया कि प्रदेश की जनता केवल आठ महीने में ही इन लोगो से इतना परेशान हो गई है कि यदि आज चुनाव करा लिए जाए तो भाजपा को अपनी असलियत पता चल जाएगी। वहीं प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की बात करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष बोले कि यदि प्रदेश सरकार के कार्यो की समीक्षा की जाए तो परिणाम स्वरूप प्रदेश के किसानों, मजदूरों, कामगारों एवं युवाओं के साथ धोखे के अलावा और कुछ भी नहीं मिलेगा।

वह इतने पर ही नहीं रूके उन्‍होंने आगे कहा कि सीएम नगर निकाय चुनावों में वोट मांगने की जगह लाखों नौकरियों की अर्नगल घोषणाएं करते रहे हैं, जबकि सच्‍चाई यह है कि कई विभागों को समाप्त करके नौकरी की संख्या कम होने जा रही है। इसके अलावा सीएम के गृह जनपद गोरखपुर में ही असामयिक मृत्यु की दर निरंतर बढती जा रही है। प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है जो अब तक सरकार द्वारा हल नहीं हो सकी।

यह भी पढ़ें- 70 लाख रोजगार दूर की बात, पहले शिक्षामित्रों की समस्‍य तो हल करें योगी आदित्‍यनाथ: RLD