रामाशीष राय का दावा, यूपी की दर्जनभर लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रहा रालोद

प्रदेश अध्‍यक्ष रामाशीष राय
मीडिया को जानकारी देते प्रदेश अध्‍यक्ष साथ में अनिल दूबे व वसीम हैदर। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कुछ महीने बाद देश में लोकसभा चुनाव होने वाला है। जिसके लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को राष्‍ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्‍यक्ष रामाशीष राय ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि रालोद उत्‍तर प्रदेश की एक दर्जन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। हालांकि अभी तक लोग अनुमान लगा रहे थे कि इंडिया गठबंधन के तहत रालोद को यूपी में तीन से चार सीट मिल सकती हैं, लेकिन प्रदेश अध्‍यक्ष के इस ऐलान के बाद तरह-तरह के कयास लगने लगे हैं।

रालोद कार्यालय पर आज प्रेसवार्ता करते हुए रामाशीष राय ने कहा कि दर्जन भर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी के साथ ही यूपी की  दो दर्जन सीटों पर बूथ कमेटियों के गठन भी कर रहा है जो 31 जनवरी तक पूरा हो जाएगा।

दिसंबर में होगी कार्यसमिति की बैठक

साथ ही प्रदेश अध्‍यक्ष ने मीडिया को बताया कि अगामी लोकसभा चुनाव की मुकम्मल तैयारी का स्वरूप देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अगामी पांच दिसंबर को की जाएगी। बैठक में सभी वर्तमान व पूर्व सांसद-विधायक, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष व प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक का उद्घाटन रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चौधरी जयंत सिंह करेंगे।

यह भी पढ़ें- RLD ने खतौली में भाजपा को दी 22 हजार वोटों से मात, जयंत चौधरी ने कहा, रामपुर में घोटा गया लोकतंत्र का गला, नहीं मनाऊंगा जश्‍न
भाजपा सरकार की उदासीनता से किसान हताश

इस दौरान रामाशीष राय ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि कृषि और किसान के प्रति भाजपा सरकार की उदासीनता से प्रदेश भर का किसान हताश और निराश है। कृषि पर लागत मूल्य बढ़ने से किसानों का लागत मूल्य बढ गई है। गन्ना किसानों को बहुत उम्मीद थी। इस बार गन्ना मूल्य बढ़ाकर 400 रूपया प्रति कुंतल किया जाये, किन्तु सरकार ने इस पर चुप्पी साध ली है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

यूपी में चरम पर अपराध-भ्रष्टाचार

साथ ही योगी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा यूपी में कानून-व्यवस्था की स्थिति नाजुक बनी है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। वाराणसी बीएचयू कैम्पस में भी छात्राएं सुरक्षित नहीं है। ठेका और अनुबंध पर नौकरियों के कारण युवा निराश और हताश है।

प्रेसवार्ता में रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे, राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल भी मौजूद रहे।