खतरनाक हुई दिल्‍ली की हवा, केजरीवाल सरकार दिल्‍लीवासियों को बांटेगी 50 लाख मास्‍क

दिल्‍ली की हवा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।

आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय राजधानी में हवा ‘खतरनाक’ स्थिति में पहुंच गई है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) बुधवार दोपहर बाद तेजी से बिगड़ गया है। ऐसा दिवाली के तीन दिनों बाद हवा की रफ्तार में कमी की वजह से हुआ, जिससे राजधानी गैस चैंबर में बदल गई। ऐसे हालातों को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि शुक्रवार से उनकी सरकार मास्क बांटना शुरू करेगी।

केजरीवाल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ‘परसों से हम मास्क बांटना शुरू करेंगे और अगले एक हफ्ते के अंदर सभी घरों में मास्क पहुंच जाएंगे।’ सीएम के मुताबिक ये मास्क बढ़िया क्वालिटी के एन-95 मास्क होंगे जो सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- भाई दूज पर केजरीवाल ने पूरा किया वादा, आज से बसों में महिलाएं कर रहीं मुफ्त सफर

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में बहुत बड़ी गिरावट आ सकती है, अगर दूसरे राज्यों से आने वाला पराली का धुआं रोका जा सके। केजरीवाल ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से अपील करते हुए कहा कि ये राज्य सरकारें अपने किसानों की मदद करें ताकि वह पराली जलाने को मजबूर ना हों।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल की एक और बड़ी घोषणा, अब किरायदार भी लगवा सकेंगे अपना मीटर, NRC पर कही ये बात

केजरीवाल सरकार ने 50 लाख मास्क खरीदे हैं। एक बच्चे को एक पैकेट दिया जाएगा, जिसमें दो मास्क होंगे और बच्चा उसको घर ले जाएगा। इस तरह से दिल्ली के आम लोगों तक सरकार अगले एक हफ्ते के अंदर प्रदूषण से बचने के लिए मास्क पहुंचाने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में फिर शुरू होगा ऑड-ईवन, प्रदूषण से बचाने के लिए केजरीवाल सरकार ने तैयार किया सात प्‍वाइंट का एक्‍शन प्‍लॉन