CM योगी का फैसला: आज से पूरे प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू लागू, शनिवार-रविवार रहेगा लॉकडाउन

नाइट कर्फ्यू
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कोविड के बढ़ते संक्रमण के बीच योगी सरकार ने फैसला लिया है कि उत्तर प्रदेश में आज यानी मंगलवार से हर रोज रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा। वहीं शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन लगाया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को टीम इलेवन के साथ हुई बैठक में ये निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों संग बैठक में कहा कि कोविड-19 की इस विभीषिका के बीच संयम और धैर्य हमारा सबसे बड़ा हथियार है। प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रदेश में साप्ताहिक बंदी (लॉकडाउन)  प्रभावी रहेगी। इसके अतिरिक्त जिन जिलों में 500 से अधिक एक्टिव केस हैं, वहां हर दिन रात्रि आठ बजे से अगले दिन सुबह सात बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इस नियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार को राहत, UP के पांच शहरों में नहीं लगेगा लॉकडाउन, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक

वहीं वीकली लॉकडाउन के दौरान सभी साप्ताहिक बाजार और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बंद रहेंगे। इस दौरान सैनिटाइजेशन का काम होगा, लेकिन आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, कोरोना कर्फ्यू को सफल बनाने में हर नागरिक का योगदान है। जहां तक जरूरी हो, घर से बाहर न निकलें। पर्व और त्योहार घर पर ही मनाएं। निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ न हो। इसे कड़ाई से लागू किया जाए।

बता दें कि अभी तक रात्रि कर्फ्यू उन्हीं जिलों में लागू था जहां हालात ज्यादा खराब थे पर कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ती संख्या और अस्पतालों में मची आपाधापी को देखते हुए सरकार ने ये निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर योगी सरकार का लॉकडाउन लगाने से इनकार