CM योगी ने ‘मिशन शक्ति’ के तहत प्रदेश के 1,535 थानों में बने महिला हेल्‍प डेस्‍क का किया शुभारंभ

'मिशन शक्ति'
महिला हेल्प डेस्क।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ में आयोजित समारोह ‘मिशन शक्ति’ के तहत यूपी के 1,535 थानों में बने महिला हेल्‍प डेस्‍क का शुभारंभ किया। इस दौरान योगी ने कहा कि अब महिलाएं निःसंकोच थानों में जाकर महिला पुलिस अधिकारियों से अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

वहीं मुख्‍यमंत्री ने आगे कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 1,535 थानों में ‘महिला हेल्प डेस्क’ का शुभारंभ करते हुए मुझे प्रसन्नता की अनुभूति हो रही। हमने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन को ध्यान में रखते हुए शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि से इस कार्यक्रम को प्रारम्भ किया। हमारी सरकार महिला सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है। ‘महिला हेल्प डेस्क’ की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए धनराशि 15 करोड़ 84 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश के हर थाने में बनेगी महिला हेल्‍प डेस्‍क, तैनात महिला पुलिसकर्मी सुनेंगी शिकायत

बता दें कि महिला हेल्प डेस्क को काफी हाईटेक बनाया गया है। यहां पर साइबर एक्सपर्ट से लेकर के सभी तकनीकी जानकार मौजूद होंगे। महिलाओं के साथ चाहे साइबर अपराध हो या फिर अन्य किस्म का अपराध, सभी का निवारण तत्काल इस महिला हेल्प डेस्क के जरिए किया जाएगा।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला हेल्प डेस्क से महिलाओं को काफी ज्यादा राहत मिलेगी। एक शांत और सुरक्षित माहौल में महिलाएं अपनी बात को पुलिस अधिकारियों के सामने रख सकती हैं, जिससे तत्काल उनकी शिकायतों का निवारण होगा ताकि वो अपने आपको असहाय या असुरक्षित महसूस न करें।

यह भी पढ़ें- पुलिस स्‍मृति दिवस पर CM योगी ने कहा, अपराधियों में कानून का भय पैदा करना सरकार की प्राथमिकता