उत्‍तर प्रदेश के हर थाने में बनेगी महिला हेल्‍प डेस्‍क, तैनात महिला पुलिसकर्मी सुनेंगी शिकायत

महिला हेल्प डेस्क
कुछ थाने में पहले से ही इस तरह चल रहा महिला हेल्प डेस्क। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। पुलिस थानों में जाने और अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए अब महिलाओं को संकोच नहीं करना होगा। महिलाएं थाने में अपनी बात खुलकर कह सकेंगी। इसके लिए अब उत्‍तर प्रदेश के हर थाने में एक महिला हेल्प डेस्क बनाया जाएगा।

शुक्रवार को इस बारे में गृह विभाग की ओर से मीडिया को जानकारी दी गयी है। गृह विभाग के अनुसार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार कदम उठा रही वर्तमान सरकार ने गुरूवार को यह फैसला लिया है। पुलिस थानों में महिलाओं के जाने में हिचकने और अपनी बात कह पाने में संकोच को देखते हुए राज्य सरकार ने इस फैसले को तत्काल लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

थानों में बनाई जाने वाली हेल्प डेस्क पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मी शिकायतों को सुनने के साथ ही किसी भी समय महिलाओं की मदद के लिए भी तैयार रहेंगी। वहीं 17 अक्टूबर से यूपी में महिलाओं के लिए मिशन शक्ति अभियान का एलान कर चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कदम को महिला सुरक्षा की मुहिम से जोड़कर देखा जा रहा।

यह भी पढ़ें- बलात्‍कारियों व शोहदों से सुरक्षा के लिए कांग्रेस ने युवती-महिलाओं में बांटी गांधी की लाठी

उल्लेखनीय है कि वर्तमान सरकार इससे पहले राजधानी के अलग-अलग चौराहों पर महिलाओं की सहायता के लिए पिंक बूथ भी बनाए हैं। कार्य स्थल से देर रात लौटने वाली महिलाओं को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रदेश सरकार कर रही। महिला सुरक्षा पर योगी सरकार की गंभीरता का नतीजा है कि राजधानी समेत उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों के चौराहों पर भी महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हाथरस गैंगरेप कांड पर मचे बवाल के बीच CM योगी ने कहा, माता-बहनों के सम्मान को क्षति पहुंचाने का विचार मात्र रखने वालों का समूल नाश सुनिश्चित