CM योगी ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का किया निरीक्षण, DM से मांगी राहत कार्यों की रिपोर्ट

बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर कल गोरखपुर पहुंचे। आज मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों, संतकबीरनगर और बस्ती, अयोध्या, गोंडा और बाराबंकी का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

साथ ही संबंधित जिलों के डीएम से बाढ़ राहत कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी। गौरतलब है कि गोरखपुर में कुछ दिनों से घाघरा और रोहिन नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ा था, लेकिन कल से नदियों के जलस्तर में गिरावट आई है। जिले में लगभग 46 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जिसमें अधिकतर गांव गोरखपुर के दक्षिणांचल स्थित गोला और खजनी तहसील के हैं। गोला तहसील के 41 गांव जबकि खजनी तहसील के पांच गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन गांवों में प्रशासन ने लोगों की आवागमन के लिए 40 नाव लगाई हैं।

गोरखपुर जिले में अब तक 17791 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित गांव में राहत कार्यों के लिए 12.61 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने मेडिकल टीम को सक्रिय रखा है। चार मेडिकल टीम इन क्षेत्रों में लगाई गई हैं। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में पीने के पानी और दवा की भी व्यवस्था की है। इसके अलावा लोगों को बीमारी से बचाने के लिए मेडिकल टीम पर्याप्त मात्रा में दवा की व्यवस्था ओआरएस, एंटी स्नेक वेनम और क्लोरीन की गोली उपलब्ध करा रही है।

यह भी पढ़ें- काशी में बाढ़ का कहर, पानी में डूबे घाट, गलियों में हो रहे दाह संस्कार, कई क्षेत्र हुए जलमग्‍न

मेडिकल टीम द्वारा अब तक 482 लोगों का उपचार किया जा चुका है। प्रशासन में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुविधा के लिए जिला आपदा कार्यालय में बाढ़ कंट्रोल रूम की स्थापना की है, जोकि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। सरयू और रोहिणी नदी का जलस्तर में कल गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार की शाम 4:00 बजे अयोध्या पुल के पास सरजू नदी का जलस्तर 92.62 मीटर रिकॉर्ड किया गया है।

यह भी पढ़ें- बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे DM कौशल राज शर्मा, खामियां मिलने पर लगाई फटकार