संजय सिंह ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, कांग्रेस छोड़ भाजपा में होंगे शामिल

कांग्रेस व गांधी परिवार
डॉ. संजय सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। कांग्रेस व गांधी परिवार के करीबी डॉ. संजय सिंह ने कांग्रेस और राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस को आज झटका दिया है। बुधवार वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। संजय सिंह अमेठी के राज परिवार से आते हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में संजय सिंह सुल्तानपुर संसदीय सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन अपनी जमानत नहीं बचा सके। राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

यह भी पढ़ें- चंद्रबाबू नायडू को बड़ा झटका, TDP के चार सांसदों ने अलग गुट बनाने को लेकर सभापति को लिखा पत्र

डॉ. संजय सिंह असम से राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अभी एक साल का बचा था। इसके बावजूद उन्होंने राज्यसभा और कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया है। संजय सिंह ने इस्तीफे के बाद कहा, ‘मैं कांग्रेस इसलिए छोड़ रहा हूं, क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व में जीरो है। मैं ‘सबका साथ सबका विकास’ के कारण मोदी का समर्थन करता हूं।’

मालूम हो कि संजय सिंह 1998 में अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस के कैप्टन सतीश शर्मा को हराकर सासंद चुने गए थे। इसके बाद वो अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे। राहुल गांधी के कांग्रेस में एंट्री करने के बाद उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में वापसी की। 2009 के लोकसभा चुनाव में संजय सिंह सुल्तापुर सीट से सांसद चुने गए थे।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक में कांग्रेस को झटका, MLA आनंद सिंह ने दिया इस्तीफा, स्पीकर बोले हमें नहीं मिला

संजय सिंह 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से नाराज हो गए थे, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें असम से राज्यसभा भेजा था। इसके चलते सुल्तानपुर सीट से उनकी दूसरी पत्नी अमिता सिंह चुनाव लड़ी थीं, लेकिन वो जीत नहीं सकीं हालांकि संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह मौजूदा समय में अमेठी से बीजेपी की विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को लगा झटका, राष्ट्रीय प्रवक्‍ता टॉम वडक्कन ने थामा BJP का दामन