योगी सरकार के तीन साल पर कांग्रेस ने जारी किया आरोप पत्र, किसान-बेरोजगारी समेत इन मुद्दों पर प्रदेश अध्‍यक्ष ने उठाएं सवाल

आरोप पत्र
आरोप पत्र जारी करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व साथ में अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश में योगी सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर निशाना साधा है। साथ ही कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया है, जिसमें कांग्रेस ने योगी सरकार को अपराध, घोटालों, किसान और बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने लखनऊ में प्रेसवार्ता कर सरकार द्वारा किए गए के विकास के दावों पर सवाल उठाए हैं।

मीडिया से बात करते हुए अजय कुमार लल्‍लू ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में अपराध बढ़ा है। यूपी लूट, हत्या, डकैती में अव्वल स्थान पर है। सरकार यूपी के जंगलराज को खत्म करने में नाकामयाब साबित हुई है। इतना ही नहीं किसान परेशान हैं और प्रदेश में रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं। ये दिखाता है कि भाजपा के विकास के दावे खोखले हैं।

कांग्रेस नेता ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी का किसान आज खून के आंसू रो रहा है, रोज आत्महत्या कर रहा है। ओलावृष्टि में सरकार की अल्प मदद से किसानों को लाभ नहीं मिला। तीन साल में छुट्टा जानवरों के लिए कोई नीति नहीं बनाई जा सकी। फसल की लागत के सापेक्ष दाम नहीं तय किये जा सके। गेंहू, सरसो, चना का समर्थन मूल्य लागत से भी कम तय किया गया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के तीन साल की उपलब्धियों को मेला व चौपाल के जरिए जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

प्रदेश अध्‍यक्ष ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बड़े स्तर पर घोटाला हुआ है। यूपी में हर घंटे दो नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। 40 लाख से अधिक नौजवानों के बेरोजगार होने की बात सरकार ने मानी है। उत्तर प्रदेश में भर्तियों में बड़े स्तर पर धांधली जारी है। लाखों पद खाली होने के बावजूद भर्ती नहीं की जा सकी है। परीक्षाओं में धांधली के चलते बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिला।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि यूपी की मौजूदा सरकार घोटालों की सरकार है। भ्रष्टाचार के खुलासों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इन्वेस्टर्स समिट सिर्फ छलावा ही साबित हुआ है। सार्वजनिक उपक्रम की 46 कंपनियां बंदी की कगार पर हैं। जूते के साथ मिड डे मील में भी घोटाला किया गया। कमीशन सेट होने के चलते देर से किये गए टेंडरों से लाभ नहीं मिला।

यूपी में हर घंटे सात महिलाएं हिंसा की शिकार: आराधना मिश्रा

वहीं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि यूपी में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। यूपी में हर घंटे सात महिलाएं हिंसा की शिकार हो रही हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों को दर्ज नहीं किया जा रहा। उन्नाव-शाहजहांपुर में आरोपित भाजपा नेताओं पर पहले कार्रवाई नहीं हुई। देवरिया के नारी गृह में देह व्यापार में धकेलने वालों को भी भाजपा का संरक्षण मिला है। तीन साल बाद भी तीन महिला बटालियन का गठन नहीं हो सका है। निर्भया फंड का 70 प्रतिशत पैसा भी यूपी में इस्तेमाल नहीं हो सका। गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली दंगों में यूपी से लोगों के भेजे जाने की बात कही।

किसानों-युवाओं से किये वादे को पूरा करने में अक्षम योगी सरकार: दीपक सिंह

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता विधान परिषद दल के दीपक सिंह ने कहा कि योगी सरकार किसानों और युवाओं से किये गये अपने वादे को पूरा करने में पूरी तरीके से अक्षम साबित रही। जहां बेरोजगारी इन तीन सालों में साढ़े 12 लाख बढ़कर 40 लाख से ऊपर चली गयी वहीं किसानों की आत्महत्या दर देश में सर्वाधिक है। यह सरकार जनता की गाढ़ी कमाई का अरबों रूपये खर्च करके बड़े-बड़े आयोजन और भाषण करती है, लेकिन जनता से किया गया अपना वादा पूरा करने में पूरी तरह असफल रही है। सरकार की उपलब्धि के नाम पर दावा ‘‘प्रदेश का मौसम गुलाबी है, मगर सरकार के आंकड़े झूठे और दावा किताबी’’ है।

यह भी पढ़ें- सरकार के तीन साल पूरे होने पर बोले योगी,हमने चुनौतियों को अवसर में बदला, उपलब्धियां भी गिनाईं