कोरोना संक्रमण में फिर तेजी, 24 घंटे में सामने आए 43 हजार से अधिक संक्रमित, 640 की मौत

कोरोना संक्रमण
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। देश में कोरोना संक्रमण के मामले जुलाई की शुरुआत की तुलना में बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटों 43,509 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद सक्रिय मामलों का आंकड़ा चार लाख तीन हजार 840 हो गया हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में 640 संक्रमितों की मौत भी हुई  है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक भारत में रिकवरी रेट 97.38 प्रतिशत हो गई है। 28 जुलाई तक देशभर में कोविड के लिए कुल 46,26,29,773 सैंपल्स की जांच की गई है। 28 जुलाई को एक दिन में 17,28,795 सैंपल्स की जांच की गई।

देश में जहां कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है, वहीं केरल में लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। अब भी यहां देशभर के नए मामलों के 50 प्रतिशत से अधिक केस हैं, जबकि लगातार दो दिनों से केरल में 22 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज हो रहे हैं, जिससे एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- देश में कोरोना से चार हजार लोगों की मौत, 24 घंटे में 42 हजार नए संक्रमित भी मिले

कोरोना की दूसरी लहर के नियंत्रण के लिए देश के आठ राज्यों में अभी भी पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां है। जिनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल है। यहां पिछले लॉकडाउन की तरह अब भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

वहीं देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन लागू है। यहां प्रतिबंधों के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, कर्नाटक,महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- देश में फिर बढ़े कोरोना संक्रमित, 24 घंटे में सामने आए, 43 हजार से अधिक नए केस, 640 लोगों की गई जान