23वें ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ में दिखी मिनी इंडिया की झलक, सीएम योगी व खेल मंत्री ने ये खास बातें भी कहीं

मिनी इंडिया
दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करते सीएम साथ में अन्य ।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में 23वें ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ का शुभारंभ हुआ। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2020’ की थीम ‘फिट यूथ फिट इंडिया’ रखी गई है। इस दौरान कार्यक्रम में मिनी इंडिया की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्‍जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया, हालांकि कार्यक्रम का उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करना था, लेकिन वह किन्हीं कारणों नहीं आ सके और उन्‍होंने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, ‘यहां संस्कृति की झलक हम लोगों ने देखी। उत्तर प्रदेश में इतने खूबसूरत सांस्कृतिक दृश्य बताते हैं कि हमारी संस्कृति कितनी अच्छी है। दुनिया का सबसे बड़ा युवा देश भारत है, फिर भी ओलंपिक खेलों में आगे के पायदान पर खड़े नहीं हो पाना ठीक नहीं है। इसीलिए सभी खेल संघो को बुलाकर बैठक की है। विश्वस्तरीय खिलाड़ी बनाने में दस से 12 वर्ष लगते हैं। इन अभियानों के नतीजे आगे आने वाले वर्षों में मिलेंगे। वर्ष 2028 में अमेरिका के लॉस एंजेल्स में ओलपिंक खेल होंगे। इस ओलंपिक खेलों की पदक तालिका में शीर्ष 10 में रहने का लक्ष्य हमने रखा है। एथलीट्स को टॉप फैसिलिटी देने का निर्णय किया है।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट ने 1.5 लाख कर्मचारियों को दी सौगात, नियत यात्रा भत्ता बढ़ाने के प्रस्ताव को हरी झंडी

उन्‍होंने आगे कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन और एनएसएस की टीमें देशभर में लगाई गई हैं। सात हजार से ज्यादा युवा आज यहां आए हैं। इस 23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। भारत की असली ताकत अभी पूरी देखने को नहीं मिली है, आने वाले दिनों में देखने को जरूर मिलेगी। असम के गुवाहाटी में ‘खेलो इंडिया’ गेम्स चल रहे हैं। वहां उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के साथ काफी अच्छी टक्कर दे रहा है। उन्‍होंने हर साल नवंबर और दिसंबर महीने में एक सप्ताह फिट रहने को समर्पित होगा। ‘फिट इंडिया, फिट स्कूल’ का सर्टिफिकेट देंगे।

पूरा देश आज युवा सन्‍यासी को याद कर उससे ले रहा है प्रेरणा: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘आज पूरा देश युवा सन्यासी को याद करते हुए उससे प्रेरणा ले रहा है। मेरे लिए ये अवसर इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुंभ का आयोजन करने का मौका मिला। हमारे वेद दुनिया के सबसे प्राचीन ग्रन्थ माने गए हैं, जिन लोगों को अतीत की जानकारी नहीं, वे भारत को राष्ट्र मानने को तैयार नहीं हैं। पुराण भी हमें भारत की सीमाओं का चित्र प्रस्तुत करते हैं। 2500 वर्ष पूर्व पुराण में भारत का जिक्र किया गया है। हम जब अपने पूर्वजों के गौरव को अनुभव नहीं कर पा रहे हों, तो समझ लो कि अंत आ गया है। जो अतीत को याद नहीं रखता है वो पेंडुलम बन जाता है।

वहीं जेएनयू मामले को लेकर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कुछ देश के उच्च शिक्षण संस्थान भारत को टुकड़े-टुकड़े करने का कुचक्र रच रहे हैं। देश में ही बैठ कर देश के खिलाफ साजिश रचने वालो को भारत ने पहचान लिया है।’

वहीं इस अवसर पर महोत्‍सव में भाग लेने आए देश के विभिन्न राज्‍यों के प्रतिभागियों ने उच्च न्यायालय भवन के सामने से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक मार्च पास्ट निकाला गया। इसमें भाग लेने वाले युवा अपने-अपने राज्य की पारंपरिक वेश-भूषा में अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत से युवा उत्सव में आये हुए युवाओं को अवगत कराया। कलाकार मार्च पास्ट करते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे तो मिनी इंडिया की झलक देखने को मिली।

इस मार्च पास्ट में उत्तर प्रदेश सहित बिहार, चंडीगढ़, दादर व नागर हवेली, गुजरात, गोवा, हिमांचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, झारखण्ड, कर्नाटक, सिक्किम, पंश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, आंघ्र प्रदेश, पुदुचेरी, उत्तराखण्ड आदि राज्यों के युवा प्रतिभागियों ने हिस्‍सा लिया।

मिनी इंडिया

राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी और लखनऊ की महापौर डॉक्टर संयुक्ता भाटिया ने उनका स्वागत किया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद की 50 किलो वजनी और छह फिट ऊंची फाइबर की मूर्ति का भी अनावरण किया गयाफ लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कार्यक्रम पेश किया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय खेल मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्‍त तत्‍वावधान में संपन्‍न होने वाले इस अयोजन में देश के सभी 28 राज्‍यों और नौ केंद्र शासित प्रदेशों के युवा शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी ने की कानपुर में नमामि गंगे प्रोजेक्‍ट की समीक्षा, बैठक के बाद किया गंगा निरीक्षण