राजधानी में गिरा पारा, कड़ाके की सर्दी का होने लगा एहसास

राजधानी में गिरा पारा

आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाके में भी सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में तेजी से साथ गिर रहे तापमान की वजह से लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास होने लगा है। इस क्रम में आज यानी शुक्रवार सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग में आज न्यूनतम तापमान 4.9°C दर्ज किया गया है।

यह इस सीजन में दिल्ली का सबसे न्यूनतम तापमान का स्तर है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का क्रम जा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, जिसकी वजह से मैदानी इलाकों, खासकर उत्तर भारत के राज्यों में ठंड तेजी के साथ बढ़ेगी।

वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी की वजह से दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में सर्द हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी वजह से आने वाले कुछ दिनों के भीतर ठिठुरन वाली ठंड पड़ने के आसार हैं। इससे पहले राजधानी दिल्ली में गुरुवार को मिनिमम टेंपरेचर 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पालम जैसे दिल्ली के कुछ इलाकों में दिन के समय भी काफी सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद दिल्ली में ठंड का असर काफी बढ़ गया है।