दिल्ली में मानसून ने दी दस्तक, राजधानी समेत NCR के इलाकों में झमाझम बरसे बादल

तेज बारिश
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राजधानी दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है। राजधानी के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश होने की वजह से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं मौसम भी काफी सुहाना हो गया है। नोएडा में भी सुबह से तेज हवाएं चल रहीं हैं। लगातार बादल छाए हुए हैं। वहीं नोएडा के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है।

पिछले काफी दिनों से राजधानी में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी से दिल्ली के लोगों का बुरा हाल था। हालात ऐसे हो गए थे कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। आज मानसून की दस्तक और ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई है। वहीं से ही मौसम का मिजाज दिल्ली-एनसीआर में बदला हुआ है। अब बारिश की दस्तक के साथ ही लोग मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी किया उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्‍य का हाल

बता दें कि मौसम विभाग ने सोमवार को भी दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कल दिल्ली में बारिश नहीं हुई थी। आज राजधानी में बारिश की दस्तक के साथ ही उमस भी बढ़ सकती है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तिथि से 16 दिन बाद आज राजधानी पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 19 सालों में यह पहली बार है जब मानसून तय समय से लेट राजधानी में पहुंचा है। साल 2002 में 19 जुलाई को मानसून ने दिल्ली में दस्तक दी थी। जब कि आमतौर पर मानसून 27 जून के आस पास दिल्ली पहुंचता है।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का अनुमान, लखनऊ समेत कई जिलों में होगी बारिश