अब अखिलेश-मुलायम नहीं भाजपा का गढ़ है इटावा: महेंद्र पांडेय

इटावा
जनसभा में मंच मौजूद महेंद्र नाथ पांडेय साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला है। महेंद्र नाथ ने कहा कि पहले की सरकारें घर-परिवार के लिए काम करती रहीं। बसपा नेता मायावती ने भाई-भतीजों के लिए तिजोरियां भरी हैं। मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव ने भी अपने परिवार के लिए राजनीति की है। वहीं इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 125 करोड़ जनता के लिए काम कर रहे हैं और आम जनता गरीबों, मजदूरों, महिलाओं का जीवन स्तर सुधार रहे हैं।

इटावा लोकसभा के नामांकन जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि इस इटावा की पावन धरती का उल्लास यह बता रहा है कि नरेंद्र मोदी इस देश के पुनः प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। यह इटावा जनपद अब अखिलेश-मुलायम का नही है। जहां पर उनकी गुण्डागर्दी एवं आतंक के भय से लोग परेशान हो गए हैं, बल्कि यह इटावा अब भाजपा का गढ़ है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी सुरक्षित सीट तो मायावती तलाश रहीं हार से बचने का रास्‍ता: महेंद्र पांडेय

महेंद्र नाथ ने आगे कहा कि देश को मजबूर नहीं मजबूत सरकार चाहिए और यह मजबूत सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही दे सकती है। देश के प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्य को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीव्र गति से आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पहले की सरकारें परिवार की सरकारें होकर रह गई थी। इस बार जनता ने अपनी सरकार बनाई है।

हमला जारी रखते हु प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव बताये कि जो तीन सौ कमरे का होटल उन्होंने बनाया है। वह पैसा कहा से आया। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती को डर सता रहा है कि उनका भ्रष्टाचार अब उजागर होकर रहेगा। इसलिए अपना अपमान करने वाले समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो गयी है। ऐसे बेमेल गठबंधन को इटावा की जनता के साथ-साथ पूरे प्रदेश की जनता देख रही है। राजनैतिक घरानों में घबराहट है। मायावती, अखिलेश यादव और राहुल गांधी सभी बैचेन हैं।

यह भी पढ़ें- बोले महेंद्र पाण्‍डेय राहुल, मायावती व अखिलेश जवाब दें उनके शासन में क्‍यों बढ़ी गरीबी व बेरोजगारी

वहीं पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्‍होंने कहा कि 56 इंच का सीना प्रधानमंत्री की जीवटता का प्रतीक है। जब मुंबई में हमला हुआ तब उस समय की सरकार पाकिस्तान को डोजियर सौंपकर खामोश हो गई, लेकिन एनडीए सरकार ने यह दिखा दिया है कि चिट्ठी पत्री का दौर अब चला गया है। हमारा चैन छीनने वाले भी चैन से नहीं रहेंगे। उन्होंने मजबूत सरकार की वकालत करते हुए कहा कि केवल मोदी के नेतृत्व में ही मजबूत सरकार बन सकती है।

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय इटावा में लोकसभा प्रत्याशी, सांसद रामशंकर कठेरिया के नामांकन जुलूस में शामिल हुए। नामांकन एवं जनसभा में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, इटावा जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे, औरैया जिलाध्यक्ष श्रीमती गीता शाक्य, कानपुर देहात जिलाध्यक्ष राहुल अग्निहोत्री, लोकसभा संयोजक श्रीकांत पाठक, विधायक सरिता भदौरिया, लोकसभा प्रभारी राजेंद्र शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- BJP की बैठक में बोले योगी, सपा-बसपा केे पूरे कार्यकाल से कई गुना काम भाजपा सरकार ने दो साल में ही कर दिया