पहली बार भारत-पाक एक साथ करेंगे सैन्‍य अभ्‍यास, चीन भी होगा साथ

भारत-पाक एक साथ
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। 

सितंबर में रूस में होने वाले बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में पहली बार धुर विरोधी भारत और पाक एक साथ हिस्‍सा लेंगे। आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्‍य से आयोजित इस सैन्य अभ्यास में चीन के साथ ही कई अन्य देश भी शामिल होंगे।

अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि यह सैन्य अभ्यास शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की रूपरेखा के तहत किया जाएगा। सुरक्षा समूह की इस संस्था पर चीन का प्रभुत्व है जिसे अब नाटो की बराबरी कर सकने वाली संस्था के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सुलझा डोकलाम विवाद, भारत-चीन हटाएंगे अपनी सेना

साथ ही यह भी बताया कि यह अभ्यास रूस के उराल पर्वत क्षेत्र पर आयोजित किया जाएगा और एससीओ के लगभग सभी सदस्य इसका हिस्सा बनेंगे। इस शांति मिशन के अभ्यास का मुख्य उद्देश्‍य एससीओ के आठ सदस्य देशों के बीच आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाना है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार पिछले हफ्ते बीजिंग में एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत के इस अभ्यास में भाग लेने की पुष्टि की। आजादी के बाद पहली बार भारत और पाकिस्तान दोनों एक ही सैन्य अभ्यास का हिस्सा होंगे। हालांकि दोनों देशों की सेनाओं ने संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षा मिशन में साथ काम किया है।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल बॉर्डर की सुरक्षा में तैनात होंगे होमगार्ड

बता दें कि रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने 2001 में शंघाई में एक शिखर सम्मेलन में एससीओ की स्थापना की थी। भारत और पाकिस्तान को 2005 में इस समूह के पर्यवेक्षकों के तौर पर शामिल किया गया था। पिछले साल दोनों देशों को पूर्ण सदस्य बनाया गया। भारत को सदस्य बनाने के लिए रूस ने और पाकिस्तान को सदस्य बनाने के लिए चीन ने मजबूती से पक्ष रखा था।

यह भी पढ़ें- शी चि‍नफिंग से मिले मोदी, भारत-चीन के संबंध सुधारने पर हुई चर्चा