प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोमती में डूबे पांच युवक, पुलिस की लापरवाही से भड़की जनता

gomti nadi

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। ठाकुरगंज के घैला पुल के समीप आज दोपहर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक डूब गए। डूबने वाले सभी युवकों की आयु 20 से 25 वर्ष के आसपास बताई गई है। घटना के चार घंटे बाद भी गोताखोर के मौके पर नहीं पहुंचने पर पुलिस को लापरवाह बताते हुए लोग आक्रोशित हो उठे।

गुस्‍साई जनता ने पुलिस पर पत्‍थर चलाना शुरू कर दिया। पथराव से फास्‍ट हुई पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस की नासमझी से भड़की हिंसा में तीन सिपाहियो समेत दर्जन भर लोगों को चोटें आईं हैं। जबकि कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्‍त हुए है। फिलहाल तनावपूर्ण माहोल के बीच गोताखोरों की मद्द से डूबे युवकों की तलाश कराई जा रही है।

जनता के गुस्‍से को देखते हुए मौके पर आठ थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। हालांकि शाम पांच बजे तक मौके पर डीएम, एसएसपी नहीं पहुंच सके थे। घटना के बाद पुलिस के रवैय्ये को लेकर लोगों में जबरदस्‍त गुस्‍सा है। इस पूरे मामले में राजधानी पुलिस एक बार फिर क्राउड मैनेजमेंट में फेल नजर आ रही है।

ghaila pull

बताया जा रहा है कि कल रात ठाकुरगंज के शेखपुर गांव में जागरण था। आज पूर्वान्‍ह गांव के  ही दीपक, पिन्‍टू मिश्रा, बलराम, अर्पित व दीपू दुर्गा प्रतिमा समेत अन्‍य प्रतिमाओं को नाव से लेकर गोमती नदी में विसर्जित करने जा रहे थे। नाव गांव का ही एक अन्‍य युवक चला रहा था।

इंस्‍पेक्‍टर मडि़यांव के अनुसार घैला पुल के पास प्रतिमा को नाव से पानी में विसर्जित करने के समय नाव का एक हिस्‍सा क्षतिग्रस्‍त हो गया। नाव पर सवार लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही नाव पलटने के साथ ही पानी में डूब गई। नाव के डूबते ही मल्‍लाह तैरकर भाग निकला। जबकि उस पर सवार पांचों युवक डूब गए।

चार घंटे तक नहीं आए गोताखोर, आक्रोशित हो गई भीड़

आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी सौ नम्‍बर पर दी। सूचना पाकर ठाकुरगंज के साथ थाने की सीमा होने के चलते मडि़यांव पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दो थानों की पुलिस होने के बाद भी चार बजे तक गोताखोर की टीम मौके पर नहीं पहुंची तो राहत का इंतजार कर रही जनता के सब्र का बांध टूट गया। आक्रोशित जनता ने सीतापुर रोड जाम करने के सा‍थ ही पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर जनता को दूर तक खदेड़ दिया।

लाठीचार्ज में डूबे युवक पिन्‍टू के भाई अनिल मिश्रा को गंभीर चोटें आई है। इसके अलावा भी करीब दर्जन भर लोग चोटिल हुए है। दूसरी ओर ठाकुरगंज थाने के सिपाही जंगबहादुर, शाशिकांत सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।

बेहद ठंडे पानी में टिक नहीं पा रहे गोताखोर

बवाल के बाद तेजी दिखाते हुए ठाकुरगंज पुलिस ने गोताखोरों की एक टीम अपरान्‍ह करीब चार बजे गोमती में उतारी है, लेकिन पानी बेहद ठंडा होने के चलते वह भी कुछ ही देर में नदी से बाहर निकल जा रहे।

बाद में मिली जानकारी के अनुसार गोताखोरों ने दो शवों को पानी से निकाल लिया है। जबकि बाकी की तलाश की जा रही है।