इन त्योहारों पर अवकाश नहीं ले सकेंगे पुलिसकर्मी, DGP ने कैंसिल की 31 अक्टूबर तक की छुट्टियां

पुलिसकर्मियों की छुट्टियों

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। आज से शुरू हुए त्योहारों के मौसम को देखते हुए प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर अब 31 अक्तूबर तक के लिए रोक लगा दी गई है। यानी अब 31 अक्टूबर तक यूपी के पुलिसकर्मियों को कोई भी छुट्टी नहीं मिल सकेगी। प्रदेश में पुलिसकर्मियों के अवकाश पर रोक के आदेश लखनऊ डीजीपी मुख्यालय की ओर से जारी कर दिए गए हैं।

डीजीपी देवेन्द्र सिंह चौहान की ओर से सभी डीजी, एडीजी, पुलिस कमिश्नर और एसएसपी रेलवे को चिट्ठी लिखकर आदेश जारी किया है, जिसमें ‘दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली व छठ पूजा के पर्व को देखते हुए प्रदेश भर में सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टी पर तत्काल 31 अक्टूबर तक रोक लगा दी गई है, हालांकि विशेष परिस्थितियों में उन्हें छुट्टियां मिल सकती हैं।

डीजीपी कार्यालय की ओर से प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, पुलिस आयुक्त, जिला पुलिस, एसएसपी रेलवे के अलावा पीएसी कंपनियों के कमांडेंट, जोन और रेंज के पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा गया है।

आज अधिकारियों ने डीजीपी के आदेश मिलने के बाद त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने की जानकारी देते हुए छुट्टियां देने से साफ मना कर दिया है। उन्होंने बताया कि त्योहार के मौके पर अधिक से अधिक फोर्स की जरूरत पड़ेगी। जो पुलिस कर्मी छुट्टी पर गए हुए हैं उनकी भी छुट्टियां रद्द की जाएंगी। अब पुलिसकर्मियों को त्यौहारों के बाद ही छुट्टियां दी जाएंगी।

यह भी पढ़ें- त्‍योहारों पर सुरक्षा-व्‍यवस्‍था को देखते हुए यूपी के पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर 20 मार्च तक रोक, DGP ने जारी किया आदेश

वहीं एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को त्योहारों को देखते हुये सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिये हैं। प्रशांत कुमार ने निर्देश दिये हैं कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाए। असामाजिक तत्वों और अराजकतत्वों से सख्ती से निपटा जाए। कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। हर हाल में कानून का पालन कराया जाए। कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाए।

यह भी पढ़ें- पुलिस के शहीद जवानों को याद कर बोले CM योगी, जनता में व्यापत हुई सुरक्षा की भावना