यूपी में हार पर प्रियंका ने कहा, नेता-कार्यकर्ताओं की मेहनत वोट में नहीं बदली, कांग्रेस निभाती रहेगी संघर्षशील विपक्ष का कर्तव्य

प्रियंका गांधी

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रियंका गांधी के तमाम प्रयासों के बाद भी कांग्रेस को उत्‍तर प्रदेश विधानसभा में करारी हार का सामना करना पड़ा है। यूपी की 403 सीटों में से कांग्रेस मात्र दो ही विधानसभा को फतह कर सकी है। हालत यह है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू को भी हार कर अपनी सीट गंवानी पड़ी है।

दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के इस तरह के प्रदर्शन पर कहा है कि कांग्रेस अपनी मेहनत को वोट में नहीं बदल सकी है। साथ ही प्रियंका ने एक बार फिर जुझारू नेताओं वाला जज्‍बा दिखाते हुए यह भी कहा है कि कांगेस जनता की भलाई के लिए आगे भी संघर्षशील विपक्ष का कर्तव्‍य निभाती रहेगी।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोलीं प्रियंका, यूपी में आपकी समस्‍याओं की सुनवाई तक नहीं हो रही, कांग्रेस ही कर सकती है समाधान

आज शाम प्रियंका ने इस बारे में ट्विट कर अपने नेता व कार्यकर्ताओं की सराहना भी है। प्रियंका ने जनता के फैसले को सबसे अहम बताते हुए कहा है कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मेहनत की, संगठन बनाया, जनता के मुद्दों पर संघर्ष किया, लेकिन, हम अपनी मेहनत को वोट में तब्दील करने में कामयाब नहीं हुए।

साथ ही प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सकारात्मक एजेंडे पर चलकर उत्‍तर प्रदेश की बेहतरी व जनता की भलाई के लिए संघर्षशील विपक्ष का कर्तव्य पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाती रहेगी।

यह भी पढ़ें- IWD पर प्रियंका गांधी ने निकाला महिला मार्च, मतदान के बाद भी लखनऊ की सड़कों पर गूंजा “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का नारा