इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में 6.1 की तीव्रता का भूकंप, दहशत का माहौल

इंडोनेशिया में भूकंप
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में बुधवार को जोरदार भूकंप के झटके महसूस किया अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.1 थी। भूकंप के झटके से लोगों में दहशत का माहौल है, हालांकि किसी तरह के गंभीर जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इसका केंद्र गोरोन्तालो के 65 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में समुद्र में 147 किलोमीटर की गहराई पर था।

इसके अलावा गोरोन्तालो, उत्तरी सुलावेसी, उत्तरी मलुकु और मध्य सुलावेसी प्रांत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान व भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। प्रशांत महासागर में ‘रिग ऑफ फायर’ पर इंडोनेशिया की स्थिति के कारण यहां भूकंप का खतरा अधिक रहता है।

गौरतलब है कि इंडोनेशिया में सोमवार भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस हुए थे। भूकंप का केंद्र आचे प्रांत के सिंगकिल शहर से 48 किलोमीटर (30 मील) दक्षिण-दक्षिण पूर्व में 48 किलोमीटर की गहराई में था, हालांकि भूकंप से जानमाल की नुकसान की खबर नहीं है।

यह भी पढ़ें- धर्मशाला में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.2 दर्ज की गई तीव्रता, दहशत में लोग

बता दें कि पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में 21 नवंबर को आए 5.6 की तीव्रता वाले भूकंप में कम से कम 331 लोग मारे गए थे और करीब 600 लोग घायल हुए थे। इससे पहले सुलावेसी में 2018 में आए भूकंप और सुनामी में करीब 4,340 लोग मारे गए थे। वहीं 2004 में हिद महासागर में एक अत्यंत शक्तिशाली भूकंप के कारण सुनामी आने से एक दर्जन देशों में 2,30,000 से अधिक लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर लोग इंडोनेशिया के आचे प्रांत के थे।

यह भी पढ़ें- भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 46 की मौत, तीन सौ से अधिक घायल