ISIS के संदिग्‍ध आतंकी को ATS ने एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

अबु जैद
अबु जैद।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की एटीएसस ने बीती रात मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट से आईएसआईएस के संदिग्‍ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आज एक प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए एडीजी कानून-व्‍यवस्‍था आनंद कुमार ने बताया कि पकड़ा गया संदिग्‍ध आतंकी अबु जैद आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर छाऊं का रहने वाला है।

आईजी एटीएस असीम अरुण ने बताया कि अबु जैद करीब एक साल से सऊदी अरब के रियाद शहर में रहकर भारत में रह रहे अपने साथियों को आतंकवाद के लिए प्रेरित कर रहा था।

यहां से मिला था सुराग

आईजी के अनुसार अप्रैल 2017 में यूपी एटीएस ने अन्य एजेंसियों और राज्य पुलिस की मदद से चार संदिग्‍ध आतंकी गिरफ्तार किए थे। यह गिरोह इंटरनेट पर एक एप के जरिए बातचीत कर आतंकी घटना की तैयारी कर रहा था।

यह भी पढ़ें- UP ATS ने मुंबई एयरपोर्ट से लश्‍कर के आतंकी सलीम को किया गिरफ्तार

उसी मामले की विवेचना के दौरान अबु जैद का नाम सामने आया था। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्‍तों के मोबाइल से इसके पुख्ता प्रमाण भी मिले थे। जिसके बाद सऊदी में रह रहे अबु जैद के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। जिसके बाद सऊदी अरब से लौटने पर कल अबु जैद को मुंबई हवाई अड्डे पर एटीएस के डीएसपी अनूप सिंह ने गिरफ्तार कर लिया। आज अबु जैद को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ लाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- मुंबई सीरियल ब्‍लॉस्‍ट के आरोपित को ATS ने बिजनौर से किया गिरफ्तार

आनन्‍द कुमार ने बताया कि लखनऊ में पेशी करने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। जिसके बाद उससे यह जानकारी प्राप्‍त की जाएगी कि उसने अब तक क्‍या-क्‍या अपराध किये हैं। आजमगढ़ में भी उसकी गतिविधियों के बारे में पता किया जाएगा। यहां उसकी क्‍या प्‍लानिंग इसके बारे में और उसके साथियों के बारें में पूछताछ किया जाएगा।