जयंती पर जवाहर लाल नेहरू को याद कर PM मोदी, सोनिया गांधी, राहुल व प्रियंका ने दी श्रद्धांजलि

जवाहर लाल नेहरू

आरयू वेब टीम। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 132वीं जयंती के अवसर पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि, जबकि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि।

वहीं, कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी आज देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को शांतिवन में श्रद्धांजिल अर्पित की। राहुल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया कि हमें जो चाहिए वह है शांति की पीढ़ी-पंडित जवाहरलाल नेहरू। आज देश भारत के पहले प्रधानमंत्री को याद कर रहा है, जिन्होंने सत्य, एकता और शांति को बहुत महत्व दिया। जवाहरलाल नेहरू की जन्मतिथि को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें- गांधी जयंती पर ट्रेंड हुआ नाथूराम गोडसे जिंदाबाद तो भड़के वरुण गांधी, कहा ऐसे लोग ही कर रहे देश को शर्मसार

वहीं प्रियंका गांधी ने एक फोटो ट्विट कर कहा”…भारत भूमि में फैले सारे भारतवासी ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। भारत माता यही करोड़ों-करोड़ जनता है और भारत माता की जय उसकी भूमि पर रहने वाले इन सबकी जय है।” पंडित जवाहर लाल नेहरू भारत माता की जय में किसानों की जय है, जवानों की जय, श्रमिकों की जय है।

जबकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, एक प्रतिष्ठित राजनेता व क्रांतिकारी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। अद्भुत राजनीतिक दृष्टिकोण व भविष्यवादी सोच से संपन्न, नेहरू जी ने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें- जयंती पर महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व सोनिया गांधी ने दी श्रद्धांजलि