कार्यकर्ताओं को अखिलेश का मंत्र, “मतदान-मतगणना के समय रहें सतर्क, भाजपा कर सकती है कुछ भी”

अखिलेश का मंत्र
मीडिया से बात करते अखिलेश यादव। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कुछ महीनों बाद होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। ईवीएम में गड़बड़ी करने का भाजपा पर आरोप लगाने वाले अखिलेश यादव ने आज अपनी पार्टी के नता व कार्यकर्ताओं को सतर्कता बरतने का मंत्र दिया है। अखिलेश ने आज अपने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव के मतदान व मतगणना के समय वह सर्तक और सजग रहें। साथ ही अखिलेश ने बीजेपी पर गंभीर गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव से पहले भाजपा कुछ भी कर सकती है।

सपा सुप्रीमो आज गोमतीनगर के विशाल खंड स्थित जनवादी पार्टी (सोशलिस्‍ट) के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि यूपी की कानून-व्यवस्था कभी इतनी खराब नहीं रही जितनी आज है। पुलिस का उत्पीड़न बढ़ा है और अब न्‍याय देने वाला भी कोई नहीं है।

गठबधंन व चुनाव लड़ने को लेकर सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि यह पार्टी तय करेगी कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे। विभिन्न दलों से गठबंधन की बात हो गई है। जल्दी सीटें भी तय कर दी जाएंगी। रालोद से हमारा गठबंधन है। जल्द ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी हमारे साथ होंगे। उनके साथ वालों का भी पूरा सम्मान होगा।

बाबा साहब के सिद्धांत नहीं मान रही

योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए अखिलेश ने कहा है कि भाजपा सरकार ने रंग बदलने-नाम बदलने, उद्घाटन का उद्घाटन तथा शिलान्यास का शिलान्यास करने के अलावा कोई काम नहीं किया है। भाजपा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सिद्धांत नहीं मान रही है। वह सब कुछ बेचना चाहती है।

यह भी पढ़ें- इस बार अखिलेश नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, खुद किया ऐलान, चाचा शिवपाल के लिए भी कही ये बातें

भाजपा सरकार मेट्रो का एक स्टेशन नहीं बना पाई है। मुख्यमंत्री जिस जेल का इटावा में उद्घाटन करने जा रहे हैं, सपा के ही काम का उद्घाटन करेंगे। जेल को जोड़ने वाली सड़क की दशा खराब है, वह सड़क भी नहीं बना सके हैं। भाजपा का एक ही काम है, बड़े पैमाने पर पैसे बांटकर वोट खरीदना। अब मुख्यमंत्री और उनकी सरकार बस जाने वाली है।

चैनलों पर दबाव, पत्रकारों के खिलाफ मुकदमें भी हो रहे दर्ज

नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेश में पर्यावरण सुधारने का वादा कर आए, लेकिन यहां भाजपा के लोग जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। पेड़ कटवा रहे हैं। सरकार चैनलों में सही खबर चलने पर दबाव बनाती है और पत्रकारों के खिलाफ मुकदमें भी दर्ज हो रहे हैं। महंगाई चरम पर है। डीजल-पेट्रोल के दाम कम करके जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

…लेकिन निवेश कहां गया?

साथ ही अखिलेश ने आज यह भी कहा है कि समाजवादी पार्टी में दलितों, पिछड़ों सहित सबको जोड़ने का काम हुआ। हमारा विचार है कि सभी जातियों को सम्मान मिलना चाहिए। उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना समाजवादी सरकार में होगी। सभी जातियों को समानुपातिक आधार पर उनका हक और सम्मान दिया जाएगा। भाजपा केवल अपने स्वार्थ के लिए झगड़ा करवाती है। डिफेंस एक्सपो जब लगा तब गोमती नदी को सजाया गया, लेकिन निवेश कहां गया? कितने लोगों को जॉब मिली, कितने कारखाने खुले?

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाज के सभी वर्गो के साथ अन्याय हो रहा। किसान, नौजवान, मजदूर सभी परेशान हैं। महिलाओं को लगातार अपमानित किया जा रहा है। जनता अब भाजपा से बुरी तरह ऊब चुकी है और वह जल्दी से जल्दी उससे छुटकारा पाना चाहती है। साल 2022 में जनता साइकिल को ही अपनी पहली पसंद बनाने जा रही।