इस बार अखिलेश नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, खुद किया ऐलान, चाचा शिवपाल के लिए भी कही ये बातें

यशवंत सिन्हा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को बड़ा ऐलान कर सबको चौंका दिया। सपा मुखिया ने ऐलान कहा कि वे इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही बताया कि वो छोटी पार्टियों से गठबंधन कर रहे हैं और राष्ट्रीय लोक दल के साथ गठबंधन तय है बस सीटों के बंटवारे पर अभी बात करनी बाकी है। वहीं चुनाव में चाचा शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) को साथ लेने की संभावना पर अखिलेश यादव ने कहा, “मुझे इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्हें और उनके लोगों को उचित सम्मान दिया जाएगा।”

इस दौरान अखिलेश ने दावा किया कि सिर्फ सपा ही ऐसी पार्टी है जो भाजपा का मुकाबला कर सकती है और जनहित में उसके सामने खड़ी हो सकती है। किसान भी सपा के साथ हैं। इस बार राज्य में बदलाव होगा और इसके लिए लोगों ने अपना मन बना लिया है। सपा की विजय रथ यात्रा के बारे में अखिलेश ने कहा कि यह रथ यात्रा पिछले महीने शुरू हुई थी और 11 नवंबर तक चलेगी। योगी आदित्यनाथ के कामकाज के बारे में अखिलेश ने कहा, “मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। अपने घोषणापत्र के 90 प्रतिशत वादे पूरे करने का दावा कर भाजपा सिर्फ झूठ बोल रही है।”

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते पिछड़ता चला गया यूपी

अखिलेश ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के दो सबसे प्रिय काम हैं। पहला विभन्नि स्थानों के नाम बदलना और दूसरा शौचालय बनवाना। उन्होंने कहा कि जो समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे सपा सरकार में बना रहा था, मुख्यमंत्री ने इसका नाम बदल दिया। इसी तरह सपा सरकार में न्यूयॉर्क पुलिस की तर्ज पर उत्तर प्रदेश पुलिस की हेल्पलाइन सेवा ‘यूपी 100’ शुरु की। यह ऐसी सेवा थी कि अगर गांव से भी कोई फोन करे तो पुलिस उसकी मदद करने पहुंचती थी। मगर मुख्यमंत्री योगी ने इसका भी नाम बदल कर ‘डायल 112’ कर दिया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने बसपा के छह विधायकों समेत BJP के भी एक MLA को कराया साइकिल पर सवार