अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार में उत्‍तर प्रदेश अराजकता का शिकार, पदाधिकारी लूट रहें बेटियों की अस्‍मत

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अराजकता का शिकार है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो साबित हो चुका है। बेटियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है।

सपा सुप्रीमो ने बीएचयू गैंगरेप कांड में बीजेपी आइटी सेल के पदाधिकारियों के पकड़े जाने की घटना को लेकर मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के पदाधिकारी बेटियों की अस्मत लूट रहे हैं। अपराधियों को भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रा के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक है भाजपा सरकार आरोपितों को लगातार बचाती रही। प्रदेश में अपराध के तमाम आरोपितों और षडयंत्रकारियों के भाजपा नेताओं से सीधे संबंध दिखाई देते है। महिला अपराधों के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नंबर एक हो गया है।

यह भी पढ़ें- BHU कैंपस में छात्रा से हैवानियत करने वाले तीनों युवक दो महीने बाद गिरफ्तार, बंदूक की नोक पर किया था गैंगरेप, BJP से भी निकला कनेक्‍शन

इतना ही नही अखिलेश यादव ने कहा कि बुधवार को जौनपुर में एक बाल रोग विषेशज्ञ डॉक्टर टी.डी सिंह पटेल की हत्या हो गई। अपराधियों ने अस्पताल में घुसकर डॉक्टर की हत्या कर दी। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता सत्ता के मद और अहंकार में अराजक हो गए हैं। महिलाओं और गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल सकता है।

सरकार की गलत नीतियों से आम जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। किसानों को फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश के समर्थन में उतरे चाचा शिवपाल का केशव मौर्या को जवाब, सरकार में सुनी जा रही तो बनवा दें हवाई पट्टी