दिल्‍ली विधानसभा: BJP ने जारी की उम्‍मीदवारों की दूसरी लिस्‍ट, केजरीवाल के सामने सुनील यादव

दिल्‍ली विधानसभा

आरयू वेब टीम। भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की दूसरी सूची जारी कर दी। नई दिल्ली सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने सुनील यादव को मैदान में उतारा है। सुनील यादव भाजपा के यूथ विंग भारतीय जनता युवा मोर्चा के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष हैं। सुनील यादव पेशे से वकील हैं। इससे पहले वह बीजेवाईएम के जिला अध्यक्ष और महासचिव के पद पर रह चुके हैं।

भाजपा ने दस उम्मीदवारों के नामों की लिस्‍ट जारी की है, इसके अनुसार दिल्ली भाजपा के प्रवक्‍ता तेजेंद्र पाल सिंह बग्गा हरि नगर से और पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के प्रमुख मनीष सिंह दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने उन सभी चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जहां से दिल्ली विधानसभा चुनावों में शिअद के उम्मीदवार खड़े होते थे। धर्मवीर सिंह को कालकाजी, पूर्वी दिल्ली के पूर्व उप महापौर संजय गोयल को शाहदरा और रमेश खन्ना को राजौरी गार्डन से टिकट दिया गया है। इनके अलावा सुमनलता शौकीन नांगलोई जाट से, रविंद्र चौधरी कस्तूरबा नगर से, कुसुम खत्री महरौली से और अनिल गोयल कृष्णा नगर से उम्मीदवार हैं। भाजपा ने तीन सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी है।

यह भी पढ़ें- AAP ने जारी की दिल्‍ली के सभी 70 उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट, इन विधायकों को नहीं मिला टिकट

यहां बताते चलें कि भाजपा की सहयोगी पार्टी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने भाजपा के साथ मिल कर चुनाव नहीं लड़ने की सोमवार रात घोषणा की, जिसके बाद उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की गई। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर शिअद की राय भिन्न है और इसी के चलते उसने भाजपा के साथ चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को मतगणना होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की 70 सीटों पर आठ फरवरी को होंगे चुनाव, इस दिन आ जाएंगे नतीजे