राफेल डील: मोदी का बचाव करते-करते केंद्रीय मंत्री ने राहुल को कहा नाली का कीड़ा, सिजोफ्रेनिया से पीड़ित भी बताया

केंद्रीय मंत्री ने राहुल को कहा नाली कीड़ा
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। 

एक ओर जहां राफेल डील पर मोदी सरकार लगातार घिरती जा रही है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री के बचाव में उतरे केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए बेहद अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल करते हुए विवादास्पद बयान दिया है। बिहार के सासाराम में मीडिया से बातचीत करते हुए अश्विनी चौबे ने राहुल गांधी को न सिर्फ मेंटल सिजोफ्रेनिया बीमारी का शिकार बताया, बल्कि उन्‍हें नाली का कीड़ा तक कह दिया है।

यह भी पढ़ें- राफेल डील: मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस का प्रेसवार्ता अभियान शुरू, चिदंबरम बोले सार्वजनिक हो कीमत

इतना ही नहीं राहुल को लेकर सिजोफ्रेनिया बीमारी का विश्‍लेषण करते हुए मंत्री ने बताया कि यह ऐसी बीमारी है, जिसमें व्यक्ति दूसरे को पागल समझता है, लेकिन वह खुद क्या है उसे नहीं समझ में आता। मंत्री ने आगे कहा कि राहुल अपने आपको महान, बौद्धिक और परफेक्ट बताते हैं। उनके हिसाब से मोदी जी राफेल सौदे पर झूठ बोल रहे हैं। मैं उनसे काफी आहत हूं। ऐसा वही व्यक्ति कह सकता है जो सिजोफ्रेनिया बीमारी से पीड़ित हो। मुझे लगता है कि उन्हें मेंटल अस्पताल में भर्ती करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- 526 करोड़ वाला राफेल विमान 1670 करोड़ में खरीद, मोदी सरकार ने किया देश से धोखा: प्रमोद तिवारी

भाजपा के मंत्री इतने पर ही नहीं रुके उन्‍होंने आगे कहा कि राफेल विमान डील को लेकर राहुल प्रधानमंत्री पर कीचड़ फेंक रहे हैं और उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्‍हें नहीं पता कि मोदी का आकार गगन के जैसा है जबकि, राहुल गांधी का नाली के कीड़े जैसा।

लालू और उनके परिवार पर भी साधा निशाना

इस दौरान चौबे ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर भी  निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरीके से लालू परिवार ने पशुओं का चारा खाया और गरीबों का पैसा लूटा। उसका खामियाजा उन्हें जीवनभर जेल में रहकर भुगतना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- रॉफेल डील: आप कार्यकर्ताओं ने मांगी भीख, कहा खाओ और खाने दो की नीति पर चल रही मोदी सरकार

हमला जारी रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी भ्रष्टाचार की जननी है और बिहार में यह गठबंधन या फिर राष्ट्रीय स्तर पर बन रहा महागठबंधन दरअसल एक ठगबंधन है, जिससे देश की जनता 2019 लोकसभा चुनाव में पूरी तरीके से नकार देगी।

यह भी पढ़ें- राफेल डील को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर फिर हमला, कोई प्रावधान नहीं जिसके तहत नहीं बताए जा सकते दाम