बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बोले अजय लल्‍लू, किसानों को तत्‍काल मुआवजा दे योगी सरकार

यूपी में बाढ़
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में दौरा करते अजय लल्लू साथ में अन्य नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बाढ़ दर्जनों जिलों में कहर मचाए है, किसानों के धान और गन्ने की खेती डूब गई है। ऐसे मेें यूपी कांग्रेस ने मांग की है कि योगी सरकार तत्काल प्रभाव से किसानों को मुआवजा दे ताकि इस विपदा में उनको थोड़ी राहत मिले।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को मीडिया से कहा है पिछले एक सप्ताह से वह बाढ़ पीड़ितों के बीच दौरा कर रहें हैं। बहराइच से लेकर बलिया तक स्थिति बहुत भयानक है। जगह-जगह तटबन्धों की दशा बहुत ही दयनीय हालत में है, इससे साफ-साफ सरकार की लापरवाही उजागर होती है।

तेज बारिश से भी हुआ बहुत नुकसान

प्रदेश अध्यक्ष ने हमला जारी रखते हुए कहा कि बाढ़ में अपार जन धन की हानि हुई है। सरकार को तत्काल प्रभाव से पीड़ित जनता की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़ समेत कई जिलों में गन्ना और धान की फसल डूब गई है। कई जिलों में तेज बारिश से भी बहुत नुकसान हुआ है। वहां भी फसलें बर्बाद हो गईं हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में योगी आदित्‍यनाथ ने किया बाढ़ का हवाई व कोरोना अस्‍पताल का जमीनी निरीक्षण

लल्‍लू ने आगे कहा कि यूपी के किसान लगातार कई सालों से प्राकृतिक आपदा और किसान विरोधी सरकारी नीतियों के शिकार हो रहे हैं। उनके जेब में फूटी कौड़ी तक नहीं है। सरकार तत्काल प्रभाव बाढ़ को आपदा घोषित करे और जन-धन की हुई हानि का मुआवजा घोषित करे।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का योगी सरकार से सवाल, तीन साल में लगाए 61 करोड़ पौधे आखिर हैं कहां