आरयू ब्यूरो, लखनऊ। युवाओं के बाद लखनऊ में शुक्रवार को जेन अल्फा का विरोध प्रदर्शन भी सड़क तक पहुंच गया। पारा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र शिक्षकों की कमी, भोजन व साफ सफाई समेत स्कूल की व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। छात्रों ने बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने मार्ग घेरकर नारेबाजी की। जिसके कारण व्यस्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायतें सामने रखीं। उनका आरोप था कि कई बार विद्यालय स्तर पर समस्याओं की जानकारी देने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
वहीं स्कूल ड्रेस में बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से बुद्धेश्वर चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। पारा पुलिस ने छात्रों को समझाने और सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। जाम की स्थिति के बीच कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी इसमें फंस गया। प्रदर्शन की जानकारी होने पर मंत्री वाहन से उतरे और छात्रों के बीच पहुंचे।
यह भी पढ़ें- बेसिक शिक्षा मंत्री से मिले 69 हजार शिक्षक भर्ती के दलित-OBC अभ्यर्थी, की वकील के समय से सुप्रीम कोर्ट में पेश होने की मांग
जहां छात्रों ने मंत्री असीम अरुण के सामने विद्यालय में शिक्षकों की कमी को प्रमुख समस्या बताया। छात्रों ने कहा कि शिक्षक पर्याप्त नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा भोजन, साफ- सफाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतें भी मंत्री के सामने रखी गईं। मंत्री ने छात्रों की समस्याओं को सुना और उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद सड़क से छात्र हटे और यातायात व्यवस्था कुछ देर बाद सामान्य हो गई।




















