चंदा चोरी मामले में पप्पू यादव के खिलाफ लखनऊ में हुआ प्रदर्शन, निकाली गयी शवयात्रा

प्रदर्शन
प्रदर्शन करते सनातन रक्षा संगठन।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्‍या राम मंदिर में चंदाचोरी के विरोध में संसद परिसर में भगवा कपड़े पहनकर विरोध करने वाले सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शनिवार को लखनऊ में एक संगठन के लोगों ने पप्पू यादव के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। संगठन कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान सनातन रक्षा संगठन से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने पप्पू यादव के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ भी विरोध जताया है। प्रदर्शन के दौरान शवयात्रा निकालते हुए ‘पप्पू यादव मुर्दाबाद’, ‘पप्पू यादव होश में आओ’ और ‘सनातन से मत टकराओ’ जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर भगवा वस्त्र पहनकर इस तरह का प्रदर्शन करना सनातन परंपरा और साधु-संतों का घोर अपमान है। उनका कहना है कि राम मंदिर में कथित चोरी के मुद्दे पर भगवा का इस्तेमाल जानबूझकर किया गया, जिससे करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

वहीं प्रदर्शन के दौरान संगठन के अध्‍यक्ष अनुरोध राय ने यहां तक कह डाला कि जो भी सांसद पप्पू यादव का सिर काटकर लाएगा, उसे 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। अनुरोध राय ने कहा, “भगवा कोई राजनीतिक वेशभूषा नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और सनातन परंपरा का प्रतीक है। पप्पू यादव पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, ऐसे व्यक्ति को भगवा पहनने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

वहीं अनुरोध राय ने इस मामले के लिए विपक्षी नेताओं को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में पप्पू यादव ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी के इशारे पर ही यह प्रदर्शन किया था। साथ ही कहा, “ये लोग हमेशा सनातन का मजाक उड़ाते हैं। इनका राम मंदिर के मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि ये इस मुद्दे की आड़ में केवल हिंदू धर्म का अपमान करना चाहते हैं।”

यह भी पढ़ें- दर्शन के सवाल पर बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद, राम मंदिर अभी है भाजपा-RSS का कार्यालय

बता दें कि शुक्रवार को संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र पहनकर और साधु का रूप धरकर राम मंदिर में कथित चोरी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया था। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के कई नेता भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि पप्पू यादव ने इस वेशभूषा के जरिए ये दिखाने की कोशिश की थी कि राम मंदिर में चोरी किसी संत ने ही की है। पप्‍पू यादव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या राम मंदिर चढ़ावा चोरी की फिर होगी जांच, सुप्रीम कोर्ट ने दिया नई SIT गठन का आदेश